रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सोलन

Solan News:धर्मपुर की 26 पंचायतों में आज से होंगी विशेष ग्राम सभाएं – Special Gram Sabhas To Be Held In 26 Panchayats Of Dharampur Starting Today

November 15, 2026


सीएम अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत चयनित महिलाओं का होगा सत्यापन

अब तक धर्मपुर की पंचायतों से 460 महिलाओं का किया जा चुका है चयन

संवाद न्यूज एजेंसी

धर्मपुर (सोलन)। विकास खंड धर्मपुर की 26 पंचायतों में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत बीपीएल श्रेणी में चयनित महिलाओं की पात्रता के सत्यापन के लिए 16 और 17 नवंबर को विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें चयनित महिलाओं की पात्रता पर चर्चा होगी और कोई भी व्यक्ति अपनी आपत्ति या चुनौती दर्ज करवा सकेगा।

विकास खंड अधिकारी धनी राम पंवर ने बताया कि 16 नवंबर को 13 और 17 नवंबर को शेष 13 पंचायतों में ग्राम सभाएं होंगी। इनमें चयनित महिलाओं की पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने के बाद अंतिम सूची तैयार की जाएगी।

योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने का प्रावधान है। पहले परिवार की वार्षिक आय सीमा 60 हजार रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दिया गया है। सरकार की ओर से 11 दिसंबर को चार वर्ष की उपलब्धियों के अवसर पर पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की जाएगी।

इन पंचायतों में होंगी ग्राम सभाएं

16 नवंबर को धर्मपुर, चम्मो, गुल्हाड़ी, जंगेशू, कोटला, नारी, हुंडंग, मैहलो, प्राथा, निचली गांगुड़ी, जाबली और कामली सहित 13 पंचायतों में ग्राम सभाएं होंगी।

17 नवंबर को बनासर, गनोल, रोड़ी, कसौली गढ़खल, कोटी नाम्भ, नारायणी, सनवारा, टकसाल, आंजीमातला, चामियां, गढ़खल सनावर, कोट और अम्बोटा पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी।

उधर, विकास खंड सोलन की चेवा पंचायत के प्रधान रमेश चौहान ने बताया कि पंचायत में विशेष ग्राम सभा 18 नवंबर को आयोजित की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X