बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सोलन

Solan News:सोलन में बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा का धरना-प्रदर्शन – Agitation By Bjp In Solan

November 18, 2026


राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर सरकार से जवाब मांगने का किया आग्रह

संवाद न्यूज एजेंसी

सोलन। भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने जिले में लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं पर उपायुक्त कार्यालय सोलन के बाहर मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में धरना-प्रदर्शन किया। राज्यपाल को उपायुक्त मनमोहन शर्मा के माध्यम से ज्ञापन भेजा। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद भी उपस्थित रहीं। रश्मिधर ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। सोलन जिला अस्पताल में मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। बीपी, शुगर, पैंटाप्राजोल और ग्लूकोज जैसी सामान्य दवाइयों के लिए भी मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शैलेंद्र ने सोलन जिले के तीन ऑक्सीजन प्लांट बंद होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र सरकार ने ये प्लांट उपलब्ध करवाए थे। इन प्लांटों का बंद होना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

नया अस्पताल 90:10 के अनुपात में बन रहा है। इसमें 90 फीसदी आर्थिक हिस्सेदारी केंद्र सरकार की है। मात्र 10 फीसदी हिस्सेदारी प्रदेश सरकार की है। केंद्र सरकार अपनी 90 फीसदी हिस्सेदारी दे रही है, लेकिन प्रदेश सरकार अपनी 10 फीसदी हिस्सेदारी का प्रबंध करने में असमर्थ दिखाई दे रही है। नए अस्पताल भवन के निर्माण में लगातार देरी हो रही है। अस्पताल में पर्ची शुल्क वसूली का निर्णय भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। कहा कि सरकार एक ओर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दावे करती है वहीं मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। भाजपा सोलन शहरी मंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इन सभी विषयों का संज्ञान लें। प्रदेश सरकार से इस मामले में जवाब मांगा जाए। सोलन जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित करवाया जाए।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर सुषमा शर्मा, डॉ. राजेश कश्यप, तरसेम भारती, संजय मलिक, धर्मेंद्र ठाकुर आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X