Sonipat News:आठ दिन में ही ग्रैप-3 तक लागू, निर्माण कार्यों पर रोक, 135 वाहनों के चालान तीन किए जब्त – Grap-3 Implemented In Just Eight Days; Construction Work Halted; 135 Vehicles Fined, Three Impounded
सोनीपत। शहर में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने से महज आठ दिनों के भीतर ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) पहले चरण से तीसरे चरण तक पहुंच गया है। मुरथल स्थित वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 270 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप का तीसरा चरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया। अब निर्माण गतिविधियों, पुराने वाहनों और प्रदूषण फैलाने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। वहीं, आज शहर में 195 गाडि़यों के चालान और तीन वाहन जब्त किए गए हैं।
निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर पूरी तरह रोक
ग्रैप-3 लागू होने के बाद गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके तहत खोदाई, मिट्टी का काम, नींव की खोदाई, सड़क निर्माण और धूल उड़ाने वाली अन्य गतिविधियां बंद रहेंगी। हालांकि, राष्ट्रीय महत्व और आवश्यक श्रेणी की कुछ परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट दी जा सकती है। इसके अलावा स्टोन क्रशर, खनन गतिविधियों और स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल नहीं करने वाले हॉट मिक्स प्लांट पर भी रोक रहेगी।
बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल कारें नहीं चला सकेंगी
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए पुराने वाहनों के संचालन पर भी सख्ती की गई है। सोनीपत समेत दिल्ली के आसपास के एनसीआर जिलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल से चलने वाले चार पहिया निजी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लागू होगा। निर्धारित आवश्यक सेवाओं और छूट प्राप्त श्रेणियों को इससे बाहर रखा गया है। दिल्ली में प्रवेश करने वाली नियमों का पालन नहीं करने वाली अंतरराज्यीय डीजल बसों पर भी पाबंदी रहेगी। डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी, हालांकि आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को छूट मिलेगी।
पांचवीं तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड माध्यम से कराने का प्रावधान
खराब हवा का बच्चों के स्वास्थ्य पर असर कम करने के लिए पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई हाइब्रिड माध्यम से कराने का प्रावधान किया गया है। इसमें अभिभावकों और विद्यार्थियों को ऑनलाइन अथवा स्कूल में प्रत्यक्ष कक्षाओं का विकल्प दिया जा सकता है। निजी संस्थानों और कंपनियों को भी कर्मचारियों के लिए घर से काम या हाइब्रिड व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गई है। सड़कों पर धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव और मशीनों से सफाई बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खुले में कचरा जलाने वालों पर होगी कार्रवाई : अजय मलिक
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अजय मलिक ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति कचरे में आग लगाते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लोगों को भी प्रदूषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
