रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सुल्तानपुर

Sultanpur News:25 चालक-परिचालकों की छुट्टी से बसें थमीं, यात्री परेशान – Buses Grounded Due To Absence Of 25 Drivers And Conductors; Passengers Inconvenienced

November 22, 2026


सुल्तानपुर। रोडवेज बस अड्डे पर बसों की कमी से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शनिवार को 25 चालक और परिचालकों के अवकाश पर चले जाने से बसों का संचालन प्रभावित हुआ। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। गोरखपुर से लौटीं 25 बसें अमहट कार्यशाला में खड़ी हो गईं। इसका असर अंबेडकरनगर, शाहगंज, वाराणसी, आजमगढ़ और हैदरगढ़ सहित कई प्रमुख मार्गों पर पड़ा।

परिवहन निगम की ये बसें बृहस्पतिवार को गोरखपुर में एक विशेष कार्यक्रम के लिए भेजी गई थीं। शुक्रवार को भी विभिन्न मार्गों पर बसों की कमी बनी रही। शुक्रवार रात बसें लौटने के बाद चालक-परिचालक दो दिन की ड्यूटी पूरी कर अवकाश पर चले गए। इससे शनिवार को भी बसों का संचालन प्रभावित रहा। सहालग शुरू होने से आवागमन बढ़ने के कारण यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।

यात्रियों को परेशानी से बचाने का प्रयास

एआरएम सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि 25 चालक और परिचालकों के अवकाश पर जाने से संचालन व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसके बावजूद यात्रियों को परेशानी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिस मार्ग पर यात्रियों की संख्या पूरी हो जाती है, वहां दूसरे मार्ग की बसें भेजी जा रही हैं। इससे संचालन व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिल रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X