शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उन्नाव

Unnao News:पुजारी की हत्या करने के दो आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी – Unnao News

November 4, 2026


उन्नाव। 10 साल पहले पुजारी की हत्या के दाे आरोपियों के खिलाफ अभियोजन अदालत में साक्ष्य नहीं पेश कर सका। इसके साथ ही मामले में अभियोजन के दावों, मोबाइल लोकेशन और गवाहों के बयानों में गंभीर विरोधाभास मिला। इस आधार पर न्यायाधीश ने दोनों आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी करने का आदेश दिया है। मामले के मुख्य आरोपी कमल किशोर मिश्रा की मृत्यु हो चुकी है।

माखी थाना क्षेत्र के भदियार निवासी लवकुश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि दो फरवरी 2016 की शाम करीब सात बजे पिता पं. गंगासागर शुक्ला सेहरा गांव में शादी कराने जा रहे थे। रास्ते में जयसिंह के बाग के पास घात लगाकर बैठे कमल किशोर मिश्रा व दो अज्ञात व्यक्तियों ने पिता पर हमला कर हत्या कर दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की। विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में भदियार के ही विमल किशोर व विष्णुकांत के शामिल होने के साक्ष्य मिले। इस आधार पर दोनों का नाम शामिल कर 19 सितंबर 2017 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया। न्यायालय में अभियोजन ने दावा किया कि 1976 में हुए हत्याकांड के बदले की नीयत से यह वारदात की गई। हालांकि अभियोजन इन चार दशकों में दोनों परिवारों के बीच किसी विवाद के साक्ष्य पेश नहीं कर सका। इसके साथ ही घटना के चश्मदीद गवाह की न्यायालय में बयान देने से पहले ही मौत हो गई।

उसने जिस चालक लुकमान के साथ बाइक से निकलते वक्त घटना देखने का दावा किया था, उसने भी न्यायालय में आकर घटना के समय दिल्ली में होने का बयान दे दिया। इसके साथ ही मामले के विवेचक हनुमान प्रसाद पांडेय ने बहस के दौरान स्वीकार किया कि सीडीआर के अनुसार किसी भी अभियुक्त की लोकेशन घटना के समय घटनास्थल पर नहीं मिली। अभियोजन पक्ष द्वारा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की श्रंखला साबित न कर पाने व साक्ष्यों के अभाव में अपर सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट महेंद्र कुमार सिंह ने सभी आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करार दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X