अनूपपुर:नहाने के दौरान बमराड़ नदी में कूदा युवक, फिर नहीं निकला बाहर; एसडीईआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू – Young Man Who Went To Take A Bath In The River Went Missing, A Search Operation Continued Till Late Evening
राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम मौहरी में शनिवार दोपहर नहाने के दौरान 35 वर्षीय युवक बमराड़ नदी में कूदने के बाद लापता हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण करीब एक घंटे बाद रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी।
राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह बरकड़े के अनुसार, ग्राम बरांझ, थाना करनपठार निवासी देव सिंह पिता गणेशा सिंह उड़ाली (35) कुछ दिन पहले अपने ससुराल ग्राम मौहरी आया था। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे वह अपने साले बेल सिंह पिता ललुआ सिंह (28) के साथ ससुराल से करीब ढाई किलोमीटर दूर देवरी डवरा में नहाने गया था।
दोनों देवरी डवरा में नहा रहे थे। इसी दौरान साबुन लगाने के बाद देव सिंह वहां से उठकर कुछ दूरी पर बह रही बमराड़ नदी की ओर चला गया और पानी में कूद गया। इसके बाद वह नदी से बाहर नहीं निकला। साले बेल सिंह ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पढ़ें: बैतूल के दिव्यांग तैराक रामबरन पाल ने फतह किया इंग्लिश चैनल, डोवर से फ्रांस तक लहराया तिरंगा
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में मुश्किल
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बारिश होने से बमराड़ नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज है। ऐसे में युवक के बह जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से प्रारंभिक स्तर पर उसकी तलाश की।
घटना की सूचना मिलने के बाद आपदा प्रबंधन दल के प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में तीन एसडीईआरएफ और चार होमगार्ड जवानों की टीम करीब शाम 5 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जिला मुख्यालय से घटनास्थल की दूरी करीब 80 किलोमीटर होने के कारण टीम शाम करीब 7 बजे मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने करीब एक घंटे तक नदी में युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रात अधिक होने और नदी के तेज बहाव को देखते हुए सर्च अभियान बंद कर दिया गया। रविवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी। रेस्क्यू टीम में अनुज कुमार, रामभरोसे सिंह, धन सिंह, सुनील सिंह, शिवप्रताप सिंह और देवेंद्र सिंह सहित एसडीईआरएफ व होमगार्ड के जवान शामिल रहे।
