अलवर:गर्भवती महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, सुसाइड नोट में पति-सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप – Alwar Pregnant Woman Death Suicide Note Allegations Against Husband Mother In Law And Father In Law
अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शांति कुंज के पास डबल डेकर ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय अंतिम राजपूत की मौत हो गई। मृतका करीब नौ महीने की गर्भवती थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतका ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
पांच महीने से मायके में रह रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, अंतिम की शादी करीब तीन वर्ष पहले भरतपुर जिले के शकरपुर निवासी सौम्य राजपूत से हुई थी। सौम्य एक सरकारी विद्यालय में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक, प्रताड़ना से परेशान होकर अंतिम पिछले करीब पांच महीने से अपने मायके अलवर की जनता कॉलोनी में रह रही थी। मृतका के भाई जसविंदर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे अंतिम अपने पिता के घर से स्कूटी लेकर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया
इसी दौरान जीआरपी और ट्रेन सुरक्षा से जुड़े कर्मचारियों के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप
पुलिस के अनुसार, मृतका के पास से मिले सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। नोट में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
