जिले के मवई क्षेत्र के जंगलों में एक जंगली हाथी की मौजूदगी से आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। हाथी डिंडौरी जिले के बजाग क्षेत्र के जंगलों से होते हुए रंजरा-बंजरा के जंगलों और आसपास के गांवों तक पहुंचा है। हाथी के हमले में एक ग्रामीण के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि वन विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वन विभाग के अनुसार एक वयस्क हाथी को डिंडौरी जिले की सीमा में देखा गया है। विभागीय टीमें हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। हाथी के मंडला जिले की सीमा से लगे क्षेत्रों में पहुंचने की आशंका को देखते हुए जीरादोनी, मुर्ता, मसना सहित अन्य सीमावर्ती गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें: सीधी: दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी से रिश्वत लेना पड़ा भारी, 50 हजार की घूस लेते छात्रावास अधीक्षक गिरफ्तार
हाथी की मौजूदगी को लेकर आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दे रहा है। विभाग ने लोगों से हाथी के करीब नहीं जाने और उसे किसी भी तरह से परेशान नहीं करने की अपील की है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हाथी की लोकेशन और उसकी आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से कहा गया है कि यदि कहीं हाथी दिखाई देता है तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें। हाथी की संभावित आवाजाही को देखते हुए सीमावर्ती गांवों में सतर्कता बरती जा रही है।