इंदौर:दिव्यांग बच्चों के बीच जीतू पटवारी ने मनाई दीपावली, खुद भोजन परोसा; स्वच्छता रैंकिंग पर महापौर को घेरा – Jitu Patwari Celebrates Diwali With Specially-abled Children, Serves Food Himself
November 13, 2026

जीतू पटवारी
विस्तार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्नी रेणुका पटवारी के साथ इंदौर के रेडिसन होटल में दिव्यांग बच्चों के बीच दीपावली का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में सैकड़ों दिव्यांग बच्चे शामिल हुए। पटवारी दंपती ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की और उनकी बातें सुनीं। इस दौरान दोनों ने खुद बच्चों को भोजन परोसा। बच्चों के चेहरों पर त्योहार की खुशी और उत्साह दिखाई दिया। राजनीतिक गतिविधियों से इतर पटवारी का यह पारिवारिक अंदाज आयोजन का आकर्षण रहा।
स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट पर महापौर को घेरा
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में पटवारी ने इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग में आई गिरावट को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम परिषद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस इंदौर ने वर्षों तक स्वच्छता के मामले में देश में अपनी अलग पहचान बनाई, उसका रैंकिंग में पिछड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।
ये भी पढ़ें- ग्वालियर के ऑक्सीजन कारखाने में भीषण विस्फोट, उड़े टैंकर के परखच्चे; इलाके में दहशत
पटवारी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत के बावजूद शहर का प्रदर्शन कमजोर हुआ है। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को लेनी चाहिए। महापौर को उपलब्धियां गिनाने के बजाय शहर की मौजूदा स्थिति पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने दूषित पानी से 36 लोगों की मौत और यातायात अव्यवस्थाओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शहर की व्यवस्थाओं पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। पटवारी ने महापौर से अहंकार छोड़कर जनता से माफी मांगने की मांग की। साथ ही कहा कि मौजूदा नगर निगम परिषद को जितनी जल्दी हटाया जाएगा, शहर के लिए उतना ही बेहतर होगा।
जहरीली शराब मामले में मुख्यमंत्री को लिखेंगे पत्र
देवास में जहरीली शराब के मामले पर भी पटवारी ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब माफिया को पुलिस और प्रशासन का संरक्षण मिल रहा है। पटवारी ने सुझाव दिया कि जिन थाना क्षेत्रों में लंबे समय तक अवैध शराब और नशे का कारोबार चलता है, वहां के थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधित टीआई को निलंबित करने जैसे कदम उठाकर अवैध कारोबार पर नियंत्रण किया जा सकता है।
सोनिया गांधी की किताब को बताया ऐतिहासिक दस्तावेज
सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिक्रिया देते हुए पटवारी ने इसे देश के राजनीतिक और ऐतिहासिक घटनाक्रमों की सच्चाई सामने रखने वाला दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला त्याग का उदाहरण है। किताब में उनके जीवन और राजनीतिक सफर के कई महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने रखा गया है।
