शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
इंदौर:मेट्रो स्टेशन के लिए छोटा गणपति क्षेत्र में रोक दिया रास्ता, व्यापारियो ने कहा- दीपावली पर धंधा बिगाड़ा – Indore: Access Blocked In The Chhota Ganpati Area For A Metro Station; Traders Say It Has Hurt Their Business
इंदौर

इंदौर:मेट्रो स्टेशन के लिए छोटा गणपति क्षेत्र में रोक दिया रास्ता, व्यापारियो ने कहा- दीपावली पर धंधा बिगाड़ा – Indore: Access Blocked In The Chhota Ganpati Area For A Metro Station; Traders Say It Has Hurt Their Business

November 5, 2026


इंदौर के छोटा गणपति क्षेत्र में मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए मेट्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने सड़क बंद कर खुदाई शुरू करवा दी। स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध करते हुए दीपावली के त्योहार का हवाला दिया।

जिस मार्ग को बंद किया गया है, वहां सड़क किनारे फुटपाथ पर महिलाएं दीपावली के दीये और पूजन सामग्री की दुकानें लगाती हैं। इन महिलाओं ने भी एकत्र होकर रास्ता बंद करने का विरोध किया, लेकिन मेट्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया।

व्यापारी शेखर गिरी ने कहा कि मल्हारगंज और छोटा गणपति शहर के पुराने व्यापारिक क्षेत्र हैं। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर मार्ग बंद करना समझ से परे है। निर्माण कार्य करने वाली ठेकेदार एजेंसियां दूसरे शहरों की हैं।

उनके कर्मचारी शहर की तासीर और यहां के व्यापारिक माहौल को नहीं समझते। यही वजह है कि दीपावली के समय ही सड़क बंद कर दी गई। इससे त्योहार के दौरान कारोबार प्रभावित होगा। गुरुवार को ही कई ग्राहकों को रास्ता बंद होने के कारण वापस लौटना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि सड़क की खुदाई का काम त्योहार के बाद भी किया जा सकता था।

90 मीटर तक बन चुकी टनल

इंदौर के एयरपोर्ट क्षेत्र में अंडरग्राउंड मेट्रो का काम करीब डेढ़ महीने पहले शुरू हुआ था। इसके लिए जमीन से लगभग 20 मीटर नीचे खुदाई करने वाली टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस मशीन का नाम नर्मदा रखा गया है। अब तक करीब 90 मीटर लंबी टनल बनाई जा चुकी है।

अंडरग्राउंड मेट्रो के तहत अगले दो वर्षों में करीब आठ किलोमीटर लंबा भूमिगत रूट तैयार किया जाना है। इसके लिए शहर में तीन स्थानों पर अंडरग्राउंड स्टेशन का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X