शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Azamgarh News:भूमिधरी की जमीन पर रातोंरात गाड़ दिए 40 बिजली के खंभे – 40 Electric Poles Were Erected Overnight On Land Owned By Landholders
आज़मगढ़

Azamgarh News:भूमिधरी की जमीन पर रातोंरात गाड़ दिए 40 बिजली के खंभे – 40 Electric Poles Were Erected Overnight On Land Owned By Landholders

November 13, 2026


सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम खेमऊपुर में किसानों की भूमिधरी की जमीन पर बिना किसी पूर्व सूचना और प्रशासनिक कार्रवाई के बिजली के खंभे लगाए जाने का मामला सामने आया है। इससे नाराज भूमिधर किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीण इंद्रदेव, रमेश, दिनेश, उर्मिला, रामचंद्र, लालजी, हरदेव आदि ने बताया कि ग्राम खेमऊपुर, परगना मोहम्मदाबाद, तहसील सदर स्थित गाटा संख्या 703, जिसका रकबा 1.6450 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 700 मि., जिसका रकबा 2.037000 हेक्टेयर है, सहित अन्य आराजी पर वे सहखातेदार और भूमिधर हैं। उक्त भूमि कृषि कार्य के लिए उपयोग की जाती है।

आरोप है कि विद्युत विभाग के ठेकेदारों ने बुधवार की रात बिना किसी पूर्व सूचना, अनुमति अथवा विधिक प्रक्रिया के उक्त भूमि में लगभग 40 स्थानों पर विद्युत खंभे गड़वा दिए। किसानों का कहना है कि खेतों में अलग-अलग स्थानों पर खंभे लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस संबंध में आपत्ति जताने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर खेतों में लगाए गए विद्युत खंभों को हटवाने, भूमि को पूर्ववत स्थिति में बहाल कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध प्रशासनिक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

00 वर्जन

यह मेडिकल कॉलेज से जहानागंज, पीजीआई और चंडेश्वर को 33 केवी की लाइन गई है। डेंटल कॉलेज में सैनिक स्कूल बन रहा है। लाइन को शिफ्ट करने के लिए डेंटल कॉलेज की ओर से निगम को प्रार्थना पत्र दिया गया था। लाइन शिफ्टिंग का स्टीमेट एक्सईएन पंचम की ओर से तैयार किया गया था। इसके बारे में वहीं बता सकते हैं। -रामप्रवेश चौहान, अवर अभियंता, चंडेश्वर।

00

वहां पर पीपीपी मॉडल पर सैनिक स्कूल का निर्माण होना है। इसके लिए लाइन शिफ्टिंग का कार्य प्रस्तावित है। उसी के तहत यह कार्य कराया जा रहा है। उसका स्टीमेट बनाकर अनुमोदन लिया गया है, तब काम कराया जा रहा है। -राधेश्याम यादव, अधिशासी अभियंता पंचम।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X