इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो का काम अब रफ्तार पकड़ेगा। इस ट्रैक पर मेट्रो का संचालन निर्माण पूरा होने के बाद ही शुरू होगा, लेकिन एयरपोर्ट का मेट्रो स्टेशन सिंहस्थ से पहले मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक से जुड़ जाएगा, ताकि एयरपोर्ट पर सिंहस्थ के दौरान आने वाले यात्री मेट्रो से इंदौर-उज्जैन रोड के स्टेशन तक जा सकें।सुपर कॉरिडोर जंक्शन तक ट्रैक बनकर तैयार हो चुका है। ट्रैक को अंडरग्राउंड स्टेशन से जोड़ने के लिए स्लोप में बनाया जा रहा है।
जिस हिस्से में खुदाई की जा रही है, वह चट्टानी क्षेत्र है। मशीन जमीन से 20 मीटर नीचे 5.8 मीटर व्यास की सुरंग बना रही है, जिसके भीतर से मेट्रो ट्रेन गुजरेगी। अब तक 100 मीटर क्षेत्र में सुरंग तैयार हो चुकी है। इसके साथ ही मेट्रो स्टेशन का काम भी चल रहा है।
मशीन एयरपोर्ट से बड़ा गणपति के बीच साढ़े तीन किलोमीटर लंबा रूट तैयार करेगी। इस हिस्से में चार स्टेशन भी बनाए जाएंगे। मल्हारगंज में भी स्टेशन बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट स्टेशन एलिवेटेड कॉरिडोर के अलावा मल्हारगंज स्टेशन से भी जुड़ेगा।
मेट्रो के इस अंडरग्राउंड हिस्से को शहर की पश्चिमी दिशा के ट्रैक से जोड़ा जाएगा। इसके बाद मेट्रो ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल मेट्रो गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक चलाई जा रही है, लेकिन इस रूट पर मेट्रो को यात्री नहीं मिल रहे हैं। ट्रेनों के कोच खाली रहते हैं। इस कारण मेट्रो ट्रेन कॉर्पोरेशन अब एयरपोर्ट को मेट्रो कॉरिडोर से जोड़ने पर जोर दे रहा है।