महाकाल की नगरी उज्जैन एक बार फिर भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगने जा रही है। 17 नवंबर को प्रसिद्ध रामकथा वाचक संत मोरारी बापू उज्जैन आएंगे। भारत स्वस्तिक यात्रा पर निकले बापू इस बार स्टेट गेस्ट के रूप में शहर पहुंचेंगे। उनके साथ दो स्पेशल ट्रेनों से करीब 900 श्रद्धालु भी उज्जैन आएंगे। इस दौरान महाकाल दर्शन, मां शिप्रा के दर्शन और सांदीपनि आश्रम में पूजा-अर्चना के बाद खाकचौक में एक दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन होगा।
सांदीपनि आश्रम के सामने बनेगा भव्य पंडाल
कार्यक्रम संयोजक कैलाश चौहान और पुनीत नागर के अनुसार श्रीराम कथा के लिए अंकपात रोड स्थित महर्षि सांदीपनि आश्रम के सामने खाकचौक में स्थान निर्धारित किया गया है। गौरतलब है कि इसी सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने गुरु से शिक्षा प्राप्त की थी। ऐसे आध्यात्मिक महत्व वाले स्थान पर मोरारी बापू के मुख से रामकथा का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
आयोजन के लिए करीब 5 बीघा जमीन पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। यहां लगभग 30 हजार वर्गफीट में पिलरलेस डोम बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को कथा सुनने और बापू के दर्शन करने में सुविधा हो। परिसर में दो भोजनशालाएं भी तैयार की जा रही हैं। आयोजन के लिए एक किसान ने अपनी जमीन निःशुल्क उपलब्ध कराई है। एक दिवसीय इस आयोजन पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें: भोपाल: बेबो के समर्थन में उतरे हिंदू संगठन, बोले- करीना को पुश्तैनी पेंडेंट पहनने पर माफी मांगने की जरूरत नहीं
सुबह महाकाल दर्शन, फिर होगी रामकथा
मोरारी बापू का उज्जैन आगमन सुबह 7:30 बजे स्पेशल ट्रेन से होगा। इसके बाद सुबह 8 बजे वे बाबा महाकाल के दर्शन, अभिषेक और पूजन कर 8:30 बजे मां शिप्रा के दर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के दर्शन करके 10 से दोपहर 1:30 बजे तक श्रीराम कथा करेंगे। कथा के बाद बापू के साथ आए श्रद्धालु परिसर में ही भोजन करेंगे। इसके बाद दोपहर में स्पेशल ट्रेन से उनकी आगे की यात्रा रवाना होगी। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम के लिए कलेक्टर से अनुमति ली जा चुकी है।
2023 में भी विशेष रामकथा यात्रा पर आए थे उज्जैन
मोरारी बापू देश-विदेश में अब तक 900 से अधिक रामकथाएं कर चुके हैं। उज्जैन से भी उनका पुराना जुड़ाव रहा है। अगस्त 2023 में वे 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष रामकथा यात्रा ‘मानस-900’ के तहत स्पेशल ट्रेन से उज्जैन पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए थे और सरस्वती स्कूल के पास रामकथा सुनाई थी। इससे पहले भी वे सिंहस्थ सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में उज्जैन आ चुके हैं। अब 17 नवंबर को उनकी प्रस्तावित यात्रा और एक दिवसीय रामकथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।