महाकाल नगरी उज्जैन में दीपावली की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नागझिरी थाना क्षेत्र के देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर की इमारत में रविवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में मकान की तीसरी मंजिल पर फंसे 107 वर्षीय बुजुर्ग मोहनलाल (पिता शंकरलाल) की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई। घटना में दुकान और घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
ये भी पढ़ें- एमपी में काल बनी अमावस की रात: सिवनी और कटनी में दो घरों में आग लगने से 12 की मौत, पटाखों के शोर में दबी चीखें
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात की है, जब नागझिरी चौराहे पर सोयाबीन प्लांट के सामने स्थित विश्वकर्मा परिवार अपने घर में दीपावली की पूजा-अर्चना कर रहा था। इसी दौरान दुकान और मकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तुरंत पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद करा दी। घटना के समय घर में तीन लोग मौजूद थे, जिनमें से दो को शुरुआत में ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, तीसरी मंजिल पर बुजुर्ग मोहनलाल फंस गए थे।
सूचना मिलते ही कलेक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और नगर निगम की 6 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को बाहर निकाला गया। उन्हें 108 एंबुलेंस से चरक (माधवनगर) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। CSP श्वेता गुप्ता ने बताया कि दुकान में हार्डवेयर के साथ पेंट रखे होने के कारण इमारत में भारी धुआं भर गया था। आग पर काबू पा लिया गया है और धुएं को नियंत्रित करने का काम किया जा रहा है।