Shamli News:जिले में एक्यूआई 312, हवा की गुणवत्ता हुई बहुत खराब – Aqi In The District Is 312; Air Quality Has Become Very Poor
शामली। जिले में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को स्मॉग की धुंध फैली रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 276 से बढ़कर 311 पर पहुंच गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक है। इससे हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। चिकित्सकों ने लोगों को प्रदूषित हवा से बचाव करने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। मौसम में बदलाव और स्मॉग के कारण वातावरण में धुंध बनी रही। सुबह और शाम के समय इसका असर अधिक दिखाई दिया। सुबह के समय भी कोहरा छाया रहा। दस बजे के बाद धूप निकली, लेकिन दोपहर दो बजे के बाद बादल के साथ धुंध छा गई। मौसम में आए बदलाव से लोगों को ठंड महसूस हुई।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सचिन मलिक ने सलाह दी है कि प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर सुबह और शाम की सैर से बचें। घर से बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक बाहर न निकलने दें। घरों की खिड़कियां और दरवाजे प्रदूषण अधिक होने के समय बंद रखें। सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या सीने में जकड़न होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ता है। प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसलिए अगर कोई समस्या होती है तो चिकित्सक की सलाह से उपचार कराना चाहिए।
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 27 और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 16 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सुबह को धुंध छाने और दिन में धूप निकलने के आसार है।
एक्यूआई के मानक
0–50 : अच्छा
51–100 : संतोषजनक
101–200 : मध्यम
201–300 : खराब
301–400 : बहुत खराब
401–500 : गंभीर
