उज्जैन:21 नवंबर से लगेगा 100 साल पुराना गधों का मेला, सलमान-शाहरुख से लेकर पुष्पा तक नाम वाले पशु आएंगे – Ujjain kumbh of donkeys begins nov 21 Salman-shahrukh to be sold for rs 15,000 donkeys to feast on gulab jamun
दीपावली की रौनक अभी थमी भी नहीं है कि उज्जैन एक और अनोखे मेले के लिए तैयार हो गया है। यह मेला किसी कार या बाइक का नहीं, बल्कि गधों, खच्चरों और घोड़ों का है। हर साल कार्तिक मास में लगने वाला करीब 100 साल पुराना यह पारंपरिक मेला इस बार 21 नवंबर से शुरू होगा और कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर तक चलेगा।
क्षिप्रा नदी के तट पर कार्तिक मेला ग्राउंड, बड़नगर रोड पर लगने वाले इस मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बड़नगर रोड पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण व्यापारियों ने फिलहाल अपने गधों को नृसिंह घाट ब्रिज के सामने मालियों के बगीचे में किराये पर जगह लेकर रखा है।
पढ़ें: सात साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद सिर कुचलकर हत्या, दोनों आरोपी हिरासत में
दांत देखकर तय होती है गधों की कीमत
मेले में गधों की कीमत उनके दांत और कद-काठी देखकर तय की जाती है। इनकी सामान्य कीमत 4 हजार से 15 हजार रुपये तक होती है, जबकि अच्छी नस्ल के पशु 2 हजार से 20 हजार रुपये तक में बिकते हैं। व्यापारियों के मुताबिक, सबसे ज्यादा कीमत खच्चरों की होती है, क्योंकि वे हर मौसम में कम चारा खाकर भी अधिक वजन उठा सकते हैं। व्यापारी अपने काम और जरूरत के हिसाब से पशुओं का चयन करते हैं।
सलमान, शाहरुख, आलिया और पुष्पा के नाम वाले गधे भी मिलेंगे
इस मेले की सबसे रोचक बात यहां बिकने वाले गधों और खच्चरों के नाम हैं। इनके नाम बॉलीवुड सितारों और चर्चित हस्तियों के नाम पर रखे जाते हैं। इनमें सलमान, शाहरुख, आलिया, रणबीर, ऐश्वर्या, दीपिका, पुष्पा, तेजस्वी और ओवैसी जैसे नाम शामिल हैं। व्यापारियों का कहना है कि फिल्मी और चर्चित नामों से खरीदार आकर्षित होते हैं और कई बार इन पशुओं के लिए अच्छी कीमत भी मिल जाती है। मेले में आने वाले लोग इन गधों को बड़े प्यार से गुलाबजामुन भी खिलाते हैं।
देश में सिर्फ तीन जगह लगते हैं ऐसे मेले
देश में गधों के तीन प्रमुख मेले लगते हैं। इनमें राजस्थान के जयपुर स्थित लूणियावास, मध्य प्रदेश के सतना जिले का चित्रकूट और उज्जैन शामिल हैं। मध्य प्रदेश में उज्जैन ही ऐसी जगह है, जहां इस तरह का पारंपरिक मेला आयोजित किया जाता है।
कैसे शुरू हुई 100 साल पुरानी परंपरा?
दरअसल, यह मेला पशुपालन, व्यापार और व्यापारियों के आपसी नेटवर्क से जुड़ा एक सांस्कृतिक आयोजन है। मानसून खत्म होने के बाद प्रजापति समाज के लोग ईंट-भट्टों और बर्तन निर्माण का काम शुरू करते थे। इस काम में पशुओं की जरूरत होती थी। इसी के चलते कार्तिक महीने में पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए मेले की परंपरा शुरू हुई।
पहले इस मेले में हजारों की संख्या में पशु पहुंचते थे, लेकिन आधुनिक मशीनों और वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण अब इनकी संख्या घटकर 300 से 400 रह गई है। शुरुआत में मेले में केवल गधों की खरीद-बिक्री होती थी, लेकिन धीरे-धीरे इसमें खच्चर और घोड़े भी शामिल हो गए। इस बार भी देश के अलग-अलग प्रदेशों से व्यापारी अपने गधे, खच्चर और घोड़े लेकर उज्जैन पहुंचने लगे हैं।
