उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शनिवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 14 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय इलाकों के मौसम में होने वाले बदलाव का सीधा असर तापमान में देखने को मिलेगा। इसके साथ पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा मैदानी इलाकों में ठंडा होगा। वहीं, शुक्रवार के मौसम की बात करें तो दिन भर चटक धूप खिलने से ठंड का अहसास कम हुआ। हालांकि पर्वतीय इलाकों की सर्द हवाओं ने सुबह-शाम के साथ दिन में भी ठंड महसूस हुई। आकड़ों पर नजर डालें तो दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री के साथ सामान्य रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी देखने को मिला।
बदरीनाथ धाम: पंच पूजा का दूसरा दिन, आदि केदारेश्वर व आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट हुए बंद