एमपी:जनवरी में होनी थी बेटे की शादी, मां के साथ खरीदारी कर लौट रहा था, ट्रॉले से भिड़ी कार; दोनों की मौत – Mp: Mother And Son Returning From Wedding Shopping Die After Their Car Collides With A Trolley Truck

क्षतिग्रस्त कार
November 20, 2026

क्षतिग्रस्त कार
विवाह की खुशियां जिस घर में दस्तक देने वाली थीं, वहां एक हादसे ने मातम पसरा दिया। शुक्रवार सुबह धामनोद-बड़वाह मार्ग पर खराड़ी ग्राम पंचायत से पहले कार और ट्रॉले की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार मां और बेटे की मौत हो गई। दोनों शादी की खरीदारी कर घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक उसमें फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।
हादसे में करोंदिया निवासी स्वाती पाटीदार (45) और उनके बेटे मोनेश पाटीदार (25) की जान चली गई। दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे होटल सनातन और हरसिद्धि रेस्टोरेंट के बीच हुई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्वाती को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोनेश कार के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। उसे निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी भी मौत हो गई।
पढ़ें: निलंबन खत्म होने से दो दिन पहले जारी हुई थी पच्चीसिया की चार्जशीट, 33 गवाहों के नाम शामिल
शादी की तैयारियों के बीच हादसा
मोनेश ने एमबीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी। उसकी शादी 26 जनवरी को मंडलेश्वर में तय हुई थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में मां और बेटा खरीदारी करने धामनोद गए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार सामने से आ रहे ट्रॉले से टकरा गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पिता के निधन के बाद मां-बेटा ही थे परिवार में
मोनेश के पिता महेंद्र पाटीदार बोस का वर्ष 2019-20 में निधन हो गया था। वे उमिया माता मंदिर के सचिव रहे थे। पिता के निधन के बाद परिवार में मां और इकलौता बेटा ही एक-दूसरे का सहारा थे। हादसे में दोनों की मौत से करोंदिया सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कृष्णा दुबे के अनुसार, स्वाती पाटीदार को सुबह 11:45 बजे अस्पताल लाया गया था। जांच में उनकी पल्स नहीं मिली। ईसीजी से पुष्टि के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मोनेश को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल लाया गया था। परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
November 18, 2026
होटल विस्तार देश-विदेश से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाली पर्यटन नगरी महेश्वर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खरगोन जिले में कार्रवाई करते हुए 15 प्रमुख होटल, भोजनालय और रेस्टोरेंट के खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। इनमें महेश्वर […]
November 14, 2026
भूकंप के झटकों के बाद कलेक्टर ने तकनीकी जांच के लिए लिखा पत्र, संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करने की मांग
November 14, 2026
खरगोन में भूकंप विस्तार शनिवार सुबह जिले में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। शहर सहित जिले के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में धरती में कंपन महसूस होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक घरों और आसपास की चीजों में कंपन महसूस होने पर लोग घबराकर अपने घरों से बाहर […]
