शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:दीपावली पर उजड़ गया परिवार, अवैध रेत से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर ने चाचा-भतीजे को कुचला, दोनों की मौत – Reckless Pace Of The Sand Mafia Snuffed Out Two Lives From One Family; An Uncle And His Innocent Nephew Died
ग्वालियर

एमपी:दीपावली पर उजड़ गया परिवार, अवैध रेत से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर ने चाचा-भतीजे को कुचला, दोनों की मौत – Reckless Pace Of The Sand Mafia Snuffed Out Two Lives From One Family; An Uncle And His Innocent Nephew Died

November 7, 2026


दीपावली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। ग्वालियर के डबरा अनुभाग के पिछोर थाना क्षेत्र में अवैध रेत से भरे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रैक्टर ने चाचा और उनके 8 साल के मासूम भतीजे को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय नवाब खटीक और उनके 8 वर्षीय भतीजे राज खटीक के रूप में हुई है। दोनों इकोना गांव के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक, नवाब खटीक अपने भतीजे राज के साथ खरीदारी करने निकले थे। खरीदारी के बाद दोनों सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान रेत से भरा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर वहां पहुंचा। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर ने दोनों को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में बिना रॉयल्टी के रेत का परिवहन किया जा रहा था। हादसे में चाचा और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में परिजन और ग्रामीण पिछोर थाने पहुंच गए और थाना परिसर का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप था कि इलाके में रेत से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर खुलेआम दौड़ रहे हैं, लेकिन पुलिस इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।

पढे़ं:  40 फीट गहरे कुएं में समाई कार, चार युवकों की अटकी सांसें; कांच तोड़कर निकले बाहर, ढाई घंटे चला रेस्क्यू

इस दौरान थाना प्रभारी शिवम राजावत और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई। परिजनों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उनकी शिकायत पर गंभीरता दिखाने के बजाय कथित तौर पर कहा कि जो करना है कर लो और जहां शिकायत करनी है, कर लो। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने थाना प्रभारी को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग शुरू कर दी।

थाने में सुनवाई नहीं होने से नाराज परिजन दोनों मृतकों के शव लेकर नेशनल हाईवे-44 के सिमरिया टेकरी पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों तरफ 8 से 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। दीपावली के त्योहार पर अपने घरों को जा रहे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद एंबुलेंस को जाम से बाहर निकलवाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। काफी समझाइश के बाद परिजनों की मांगों पर सहमति बनी। मृतक परिवार के सदस्यों को आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी दिलाने और तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया। साथ ही थाना प्रभारी के खिलाफ दिए गए शिकायत आवेदन के आधार पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही गई। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

घटना पर डबरा से कांग्रेस विधायक सुरेश राजे ने भी दुख जताया। उन्होंने अवैध रेत परिवहन को लेकर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विधायक ने कहा कि वह पहले भी विधानसभा में अवैध रेत परिवहन का मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज चल रहा है और दो जिंदगियां रेत माफिया की भेंट चढ़ गईं।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर डबरा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ वास्तव में क्या कार्रवाई होती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X