शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:भाई दूज मनाने जीजा के घर आया था 18 साल का विष्णु, शराब पार्टी में विवाद के बाद चाकू मारकर हत्या – Man Stabbed To Death At A Liquor Party In Tikamgarh; The Deceased Had Come To Visit Relatives
टीकमगढ़

एमपी:भाई दूज मनाने जीजा के घर आया था 18 साल का विष्णु, शराब पार्टी में विवाद के बाद चाकू मारकर हत्या – Man Stabbed To Death At A Liquor Party In Tikamgarh; The Deceased Had Come To Visit Relatives

November 11, 2026


टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भीतरवार में भाई दूज के त्योहार पर रिश्तेदार के घर आए 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गांव के बाहर खेत में चल रही शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने विष्णु अहिरवार पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विष्णु जान बचाने के लिए वहां से भागा, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक विष्णु अहिरवार (18) पिता रामलाल अहिरवार निवासी दोहे चक्र, थाना कुड़ीला, 10 नवंबर को भाई दूज का त्योहार मनाने अपने जीजा संतोष अहिरवार के घर ग्राम भीतरवार आया था। परिवार में त्योहार की खुशियां थीं, लेकिन रात होते-होते एक विवाद ने पूरे परिवार को मातम में बदल दिया।

पढे़ं: इंदौर बना मेंटर, देपालपुर ने भी मारी बाजी; उज्जैन-देवास-रीवा ने भी हासिल की उपलब्धि

बताया गया है कि रात करीब 9 बजे गांव के बाहर खेत में कुछ लोग शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान रामरतन अहिरवार ने विष्णु पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने के बाद विष्णु जान बचाने के लिए वहां से भागा, लेकिन शरीर से अत्यधिक खून बहने के कारण वह घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर स्थित स्कूल के पास जाकर गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बल्देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीकमगढ़ एसडीओपी सौरभ रत्नाकर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

भाई दूज जैसे त्योहार पर जीजा के घर खुशियां बांटने आए युवक की हत्या से परिवार में मातम पसरा है। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X