एमपी आयुष पीजी काउंसलिंग 2026:पहले राउंड का शेड्यूल जारी, 10 नवंबर से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन, जानें प्रक्रिया – Mp Ayush Pg Counselling 2026 Round 1 Schedule Released Registration Begins On November 10
November 9, 2026

MP AYUSH PG Counselling 2026
– फोटो : AI Generated
विस्तार
मध्य प्रदेश में आयुष पीजी कोर्स में दाखिले का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है। राज्य के आयुष विभाग ने आयुष पीजी काउंसलिंग 2026 के पहले राउंड का शेड्यूल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (एआईएपीजीईटी) 2026 पास करने वाले उम्मीदवार अब काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होगी। इस काउंसलिंग के जरिए सरकारी और निजी आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और नेचुरोपैथी एवं योग कॉलेजों में पीजी कोर्स में दाखिला मिलेगा।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका?
इस काउंसलिंग में एआईएपीजीईटी 2026 पास करने वाले पात्र उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं। इसके तहत मध्य प्रदेश के सरकारी और निजी आयुष कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स की सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। काउंसलिंग दो तरह के कोटे के लिए होगी। इनमें स्टेट कोटा यानी 85 प्रतिशत सीटें और निजी संस्थानों की 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा सीटें शामिल हैं। दोनों कोटे के लिए रजिस्ट्रेशन, मेरिट लिस्ट, चॉइस फिलिंग और सीट आवंटन की तारीखें अलग-अलग रखी गई हैं। इसलिए उम्मीदवारों को अपने कोटे के अनुसार जारी कार्यक्रम देखना चाहिए।
स्टेट कोटा का पूरा शेड्यूल क्या है?
स्टेट कोटा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 10 नवंबर से शुरू होकर 11 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक चलेगा। उम्मीदवार 12 नवंबर शाम पांच बजे तक आवेदन फॉर्म में बदलाव कर सकेंगे। दस्तावेजों की जांच 11 और 12 नवंबर को शाम पांच बजे तक होगी। रिक्त सीटों की जानकारी और मेरिट लिस्ट 14 नवंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 15 से 16 नवंबर की रात 11:59 बजे तक कॉलेजों और कोर्स की पसंद भरकर लॉक कर सकेंगे। सीट आवंटन 19 नवंबर को होगा।
ऑल इंडिया कोटा की तारीखें क्या हैं?
ऑल इंडिया कोटा के लिए भी रजिस्ट्रेशन 10 नवंबर 2026 से शुरू होगा। उम्मीदवार 11 नवंबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। इसी समय तक फॉर्म में सुधार की सुविधा भी मिलेगी। रिक्त सीटों की जानकारी और मेरिट लिस्ट 12 नवंबर को जारी होगी। इसके बाद 13 से 14 नवंबर की रात 11:59 बजे तक कॉलेज और कोर्स की पसंद भरने और लॉक करने का मौका मिलेगा। सीट आवंटन 16 नवंबर को होगा। चयनित उम्मीदवारों को 18 से 19 नवंबर तक भोपाल के पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय में रिपोर्ट करना होगा।
आवेदन कैसे कर सकते हैं?
- उम्मीदवार सबसे पहले मध्य प्रदेश आयुष की आधिकारिक वेबसाइट ayush.mponline.gov.in पर जाएं।
- यहां लेटेस्ट इंस्ट्रक्शंस सेक्शन में जाकर पीजी काउंसलिंग टैब चुनें।
- इसके बाद रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें और अपनी एआईएपीजीईटी से जुड़ी जानकारी दर्ज करें।
- अब अपनी पसंद के कॉलेज और विषयों का प्राथमिकता क्रम भरें। इसके बाद आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें।
- आखिर में जमा किए गए फॉर्म का प्रिंट निकालकर अपने पास रख लें।
- आवेदन करते समय सभी जानकारियां सही भरें, क्योंकि दस्तावेजों की जांच के बाद रजिस्ट्रेशन की जानकारी में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
कौन-से दस्तावेज तैयार रखने होंगे?
दस्तावेजों की जांच के लिए उम्मीदवारों को पहले से जरूरी कागजात तैयार रखने चाहिए। इनमें 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, बीएएमएस या बीएचएमएस की डिग्री, इंटर्नशिप सर्टिफिकेट, एआईएपीजीईटी स्कोरकार्ड और मध्य प्रदेश का मूल निवासी प्रमाण पत्र शामिल हैं। इन सभी दस्तावेजों की दो-दो सेट फोटोकॉपी भी तैयार रखें। उम्मीदवारों को तय तारीखों के भीतर दस्तावेजों की जांच पूरी करानी होगी। इसके अलावा 16 नवंबर तक अपनी पसंद लॉक करना न भूलें। तय समय में विकल्प लॉक नहीं करने पर भरे गए विकल्प रद्द हो सकते हैं। इसलिए काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम ध्यान से पढ़ें।
