शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीबीएसई बोर्ड 2027:एक तरफ बोर्ड परीक्षा, दूसरी तरफ लाखों श्रद्धालुओं की भीड़; क्या बदलेगी एग्जाम डेट? – Cbse Class 10 Science Exam 2027 Keralam Bjp Chief Seeks Rescheduling Due To Attukal Pongala Festival
शिक्षा

सीबीएसई बोर्ड 2027:एक तरफ बोर्ड परीक्षा, दूसरी तरफ लाखों श्रद्धालुओं की भीड़; क्या बदलेगी एग्जाम डेट? – Cbse Class 10 Science Exam 2027 Keralam Bjp Chief Seeks Rescheduling Due To Attukal Pongala Festival

November 13, 2026


CBSE Class 10 Science Exam 2027 Keralam BJP Chief Seeks Rescheduling Due to Attukal Pongala Festival

CBSE Class 10 Science Exam 2027
– फोटो : AI Generated

विस्तार

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं कक्षा की विज्ञान परीक्षा 22 फरवरी 2027 को आयोजित होनी है। लेकिन इसी दिन केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में अट्टुकल पोंगाला उत्सव भी मनाया जाएगा। इस तारीख को लेकर अब परीक्षा की तारीख बदलने की मांग उठी है। केरलम भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने केंद्र सरकार से इस मामले पर ध्यान देने की अपील की है। उनका कहना है कि त्योहार और परीक्षा एक ही दिन होने से विद्यार्थियों, उनके माता-पिता और स्कूलों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने परीक्षा के लिए कोई दूसरी सुविधाजनक तारीख तय करने का अनुरोध किया है।

शिक्षा मंत्री से क्या अपील की गई?

राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी से संपर्क किया है। उनसे अनुरोध किया गया है कि 22 फरवरी को होने वाली विज्ञान परीक्षा की तारीख पर दोबारा विचार किया जाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम के कई अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्कूल प्रशासन ने उनसे संपर्क कर अपनी चिंता जाहिर की है। इन लोगों का कहना है कि शहर में बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजन के दिन परीक्षा होने से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में दिक्कत हो सकती है।

क्या है अट्टुकल पोंगाला उत्सव?


  • अट्टुकल पोंगाला केरल का एक प्रमुख वार्षिक धार्मिक आयोजन है।
  • यह उत्सव तिरुवनंतपुरम स्थित अट्टुकल देवी मंदिर में मनाया जाता है।
  • इस मंदिर को महिलाओं का सबरीमाला भी कहा जाता है।
  • इस आयोजन में केरल और दूसरे राज्यों से लाखों महिलाएं श्रद्धालु के रूप में शामिल होती हैं।
  • बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण पूरे शहर में उत्सव की तैयारियां की जाती हैं।
  • चंद्रशेखर ने कहा कि इस दिन शहर का प्रशासन और उपलब्ध सुविधाएं आयोजन को सफल बनाने में लगी रहती हैं।
  • ऐसे में परीक्षा कराने के लिए जरूरी सामान्य व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

विद्यार्थियों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है?

त्योहार के दौरान शहर में कई सड़कों पर आवाजाही बंद की जा सकती है और यातायात के रास्तों में बदलाव किया जाता है। ऐसे में परीक्षा देने जाने वाले विद्यार्थियों, स्कूल बसों, अभिभावकों और परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में परेशानी हो सकती है। राजीव चंद्रशेखर ने इसी समस्या को उठाते हुए कहा कि महत्वपूर्ण बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को ऐसी परेशानी और तनाव से नहीं गुजरना चाहिए, जिसे पहले से टाला जा सकता है। उनका मानना है कि परीक्षा की तारीख बदलने से विद्यार्थियों को बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

क्या बदलेगी सीबीएसई परीक्षा की तारीख?

राजीव चंद्रशेखर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया है कि इस मामले की जांच कर परीक्षा के लिए कोई दूसरी सुविधाजनक तारीख तय की जाए। हालांकि, अभी सीबीएसई की ओर से विज्ञान परीक्षा की तारीख बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल 22 फरवरी 2027 की तारीख ही निर्धारित है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह है कि वे परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव से जुड़ी किसी भी खबर के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर नजर रखें। जब तक बोर्ड की ओर से नया आदेश नहीं आता, तब तक मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार ही तैयारी जारी रखें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X