गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ऑपरेशन जंगलपोरा:जिस दिन आतंक के सफहों पर दर्ज हुआ लतीफ का नाम, उसी दिन मौत के साथ बंद हुई उसके आतंक की किताब – Major Strike By Security Forces In Kulgam; Lashkar Commander Latif Bhat Killed In An Encounter
श्रीनगर

ऑपरेशन जंगलपोरा:जिस दिन आतंक के सफहों पर दर्ज हुआ लतीफ का नाम, उसी दिन मौत के साथ बंद हुई उसके आतंक की किताब – Major Strike By Security Forces In Kulgam; Lashkar Commander Latif Bhat Killed In An Encounter

November 19, 2026


दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और ऐतिहासिक सफलता हासिल की। लश्कर-ए-ताइबा (एलईटी) और उसके मुखौटा संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) का शीर्ष कमांडर और कश्मीर घाटी में सक्रिय अंतिम स्थानीय आतंकी मोहम्मद लतीफ भट उर्फ लतीफ बट उर्फ तौसीफ मुठभेड़ में मारा गया। लतीफ ने ठीक एक साल पहले 18 नवंबर 2025 को हथियार उठाकर आतंक के रास्ते पर कदम रखा था और ठीक एक साल बाद 18 नवंबर 2026 को उसकी आतंक की किताब हमेशा के लिए बंद हो गई।

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनायत अली चौधरी ने इस ऑपरेशन को साल 2026 की अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी करार दिया है। इस सफल अभियान के साथ ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने अपने बलिदान हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की शहादत और सीआरपीएफ के जवानों पर हुए कायराना हमले का हिसाब भी चुकता कर लिया है।

ऑपरेशन जंगलपोरा : देर रात घेराबंदी, तड़के आतंकी का सफाया

सुरक्षा एजेंसियों को कुलगाम के जंगलपोरा गांव में लतीफ भट की मौजूदगी की पुख्ता और सटीक जानकारी मिली थी। उसी आधार पर मंगलवार शाम को जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन जंगलपोरा शुरू किया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षाबलों ने जब घेरा कसना शुरू किया, तो लतीफ ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। भागकर पास की एक मस्जिद में छिप गया। मस्जिद की पवित्रता को देखते हुए यह ऑपरेशन सुरक्षाबलों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया।

इस सब के बीच सुरक्षाबलों ने अदम्य साहस और अभूतपूर्व संयम का परिचय दिया। पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वीडियो कॉल के जरिए लतीफ से आत्मसमर्पण की अपील की, ताकि उसकी जान बच सके और धार्मिक स्थल को कोई नुकसान न पहुंचे। लेकिन कट्टरपंथ की राह पर अंधे हो चुके लतीफ ने सरेंडर से इन्कार कर दिया। मस्जिद के भीतर से ही सुरक्षाबलों पर फायरिंग तेज कर दी।

स्मोक शेल से निकाला बाहर, भागते समय हुआ ढेर

मस्जिद को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले और स्मोक शेल दागे। धुएं और घुटन के कारण लतीफ का मस्जिद के अंदर टिक पाना असंभव हो गया। आखिरकार वह जान बचाने के लिए मस्जिद परिसर से बाहर निकला और घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। पहले से मुस्तैद सुरक्षाबलों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह मौके पर ही ढेर हो गया। भारतीय सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि सुरक्षाबलों ने धार्मिक स्थल की पवित्रता सुनिश्चित करते हुए अनुकरणीय संयम दिखाया और आतंकी को मस्जिद परिसर से बाहर आने पर मजबूर कर सटीक कार्रवाई में मार गिराया।

लतीफ भट : कारपेंटर से 15 लाख के इनामी आतंकी बनने की कहानी

सुरक्षा एजेंसियों के डोजियर और रिकॉर्ड के अनुसार 22 वर्षीय मोहम्मद लतीफ भट उर्फ तौसीफ (जन्म: 5 जून 2004) दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खेरवान चादर (अशमुजी) गांव का निवासी था। वह अविवाहित था और उसके पास भारतीय पासपोर्ट (नंबर वी8698275) भी था। लतीफ ने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल अशमुजी से 12वीं तक पढ़ाई की थी। कुछ समय के लिए गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कुलगाम में भी दाखिला लिया था। पढ़ाई छोड़ने के बाद वह आजीविका के लिए कारपेंटर (बढ़ई) का काम करने लगा।

एसएसपी कुलगाम के मुताबिक लतीफ बेहद सेल्फ-रैडिकलाइज्ड हो चुका था। वह नवंबर 2025 में घर से लापता हुआ था। परिवार ने 19 नवंबर 2025 को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लेकिन इससे एक दिन पहले 18 नवंबर 2025 को ही वह आतंकी संगठन में शामिल हो चुका था। पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर सज्जाद गुल ने उसे लश्कर/टीआरएफ नेटवर्क में भर्ती किया, जबकि लश्कर कमांडर जाकिर अहमद गनई ने उसे आतंकी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया।

खूनी इतिहास : बड़े हमलों में शामिल था लतीफ

लतीफ सीमा पार से मिलने वाले निर्देशों पर कश्मीर घाटी में शांति भंग करने, पर्यटन को चोट पहुंचाने और अर्थव्यवस्था को नुकसान करने की साजिशों को अंजाम दे रहा था। उस पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत 7 गंभीर मामले दर्ज थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित कर रखा था। 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) के जांबाज हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की हत्या में लतीफ मुख्य आरोपी था। 31 जुलाई 2026 को कुलगाम के किलम इलाके में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो निहत्थे प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या करने में भी उसका हाथ मिला। 11 नवंबर 2026 को ठीक एक हफ्ते पहले कुलगाम के अखरन इलाके में सीआरपीएफ के एक चेकपोस्ट पर हुए हमले का वह मास्टरमाइंड था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इसके अलावा वह अनंतनाग के लाल चौक और कुलगाम के केलम में हुए आतंकी हमलों में भी वांछित रहा।

दो बार मिली जिंदगी, तीसरी बार नहीं बच सका

लतीफ इससे पहले दो बार मुठभेड़ के दौरान घेराबंदी तोड़कर भागने में कामयाब रहा था। जुलाई 2026 में शोपियां में हुई एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने उसके हैंडलर और लश्कर कमांडर जाकिर अहमद गनई को मार गिराया था, लेकिन लतीफ वहां से बच निकला। इसके बाद महज दो दिन पहले 16 नवंबर को कुलगाम के लारनू बाईपास (लारू) इलाके में सुरक्षाबलों ने उसके करीबी साथी उमर निसार को ढेर कर दिया, तब भी लतीफ बच निकला। सीआरपीएफ हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश तेज कर दी। आखिरकार, 18 नवंबर को जंगलपोरा की मस्जिद से बाहर निकलते ही सुरक्षाबलों की गोलियों ने उसके खूनी खेल का अंत कर दिया।

एएसपी कुलगाम अनायत अली चौधरी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने उसे जिंदा पकड़ने की हरसंभव कोशिश की। सरेंडर के लिए अपील की। बात की। मेरी खुद उससे वीडियो कॉल हुई। मैंने और सीओ 9 आरआर की काफी लंबी बात हुई। सरेंडर के लिए उसे हर संभव समझाने की कोशिश की गई। यहां तक कहा गया कि ये जिंदगी ऐसे तबाह मत करो। अभी तुम यंग हो। लेकिन वह नहीं माना। बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे उसने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।

जश्न में डूबे जवान, अधिकारियों का कड़ा संदेश

लतीफ के मारे जाने की पुष्टि होते ही मुठभेड़ स्थल पर मौजूद सेना और पुलिस के जवानों के चेहरे खिल उठे। जवानों ने विक्ट्री साइन दिखाकर और लतीफ किल के नारे लगाकर बड़ी सफलता का जश्न मनाया। इस बड़ी कामयाबी पर शीर्ष अधिकारियों ने भी सख्त संदेश दिए। अनंतनाग के एसएसपी आमोद नागपुरे ने अपने वाट्सएप स्टेटस पर बलिदानी हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की तस्वीर साझा करते हुए भावुक और कड़ा संदेश लिखा— ‘ब्लड अवेंज्ड… रेस्ट इन पीस आशिक’ (खून का बदला ले लिया गया… आशिक, अब तुम्हारी आत्मा को शांति मिले)। सीआरपीएफ डीजी जीपी सिंह ने एक्स पर जवानों को बधाई देते हुए लिखा, बधाई हो साथियों। कुछ व्यंजन ठंडे ही परोसे जाएं तो बेहतर होते हैं, भले ही मौसम ठंडा हो। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक्स पर लिखा…आप भाग सकते हैं, लेकिन छिप नहीं सकते।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X