गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कटनी:नगर निगम और अधिवक्ता संघ आमने-सामने, वकीलों ने मुख्य गेट पर जड़ा ताला; जानें पूरा मामला – The Advocates’ Association Locked The Gate Of The Municipal Corporation, Demanding The Removal
कटनी

कटनी:नगर निगम और अधिवक्ता संघ आमने-सामने, वकीलों ने मुख्य गेट पर जड़ा ताला; जानें पूरा मामला – The Advocates’ Association Locked The Gate Of The Municipal Corporation, Demanding The Removal

November 19, 2026


मध्यप्रदेश के कटनी में नगर निगम और अधिवक्ता संघ के बीच विवाद गहरा गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्रता से नाराज वकीलों ने नगर निगम के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह को पद से हटाने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन करीब 8 घंटे तक चला। इस दौरान वकीलों ने नगर निगम कमिश्नर और अतिक्रमण अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता एक रिहायशी इलाके में संचालित कबाड़ दुकान पर कार्रवाई करने पहुंचा। इसी दौरान दुकान संचालक की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन मौके पर पहुंचे और कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज मांगे। इस बात को लेकर अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह और अधिवक्ता के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसके बाद अधिवक्ता संघ में आक्रोश फैल गया।

पढे़ें: पीडब्ल्यूडी की एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की मौत पर भाई ने उठाए सवाल, पति और ससुर पर लगाए हत्या के आरोप

घटना से नाराज अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने निगम का घेराव कर चक्काजाम और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने नगर निगम के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, जिससे कई कर्मचारी कार्यालय के अंदर ही फंस गए। वकीलों की मांग है कि अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह को तत्काल पद से हटाया जाए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।

अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला का आरोप है कि अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह पहले भी विवादों में रहे हैं। दशहरे के दौरान भी उन्हें निलंबित किया गया था, लेकिन बहाली के बाद दोबारा अतिक्रमण दस्ते में शामिल कर दिया गया। उनका कहना है कि मानवेंद्र सिंह की मूल जिम्मेदारी नगर निगम में पानी की गुणवत्ता से जुड़े कार्यों की थी। इसके बावजूद उन्हें अतिक्रमण की कार्रवाई में लगाया गया। शांतिपूर्वक संचालित कबाड़ दुकान पर कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ किया गया व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, नगर निगम के मुख्य गेट पर तालाबंदी और प्रदर्शन को लेकर पुलिस का कहना है कि अधिवक्ताओं ने अभी तक कोई लिखित ज्ञापन नहीं सौंपा है। डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मुताबिक, ज्ञापन मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, एक ओर पुलिस और नगर निगम के अधिकारी जांच और कार्रवाई की बात कह रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता संघ अतिक्रमण अधिकारी को हटाने और एफआईआर दर्ज होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं है। करीब 8 घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण नगर निगम का कामकाज भी प्रभावित हुआ।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X