शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
‘कभी घर नहीं लौटूंगा’:बुलंदशहर में खेत में मिला युवक का शव, पांच दिन से था लापता; पत्नी से होता था झगड़ा – Body Of Young Was Found In A Sugarcane Field In Bibinagar Man Missing For Five Days
बुलंदशहर

‘कभी घर नहीं लौटूंगा’:बुलंदशहर में खेत में मिला युवक का शव, पांच दिन से था लापता; पत्नी से होता था झगड़ा – Body Of Young Was Found In A Sugarcane Field In Bibinagar Man Missing For Five Days

November 4, 2026


थाना क्षेत्र के गांव मड़ौना जाफराबाद में पांच दिन से लापता युवक का शव गन्ने के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार गांव मड़ौना जाफराबाद निवासी सोनू 40 वर्ष पुत्र सतेंद्र पिछले शुक्रवार से लापता था। बुधवार को किसान अजीत के खेत में भूसे के कमरे के पीछे उसका शव पड़ा मिला। शव पुराना होने के कारण फूल गया था और दुर्गंध आ रही थी।

मृतक के पिता सतेंद्र ने बताया कि सोनू नशे का आदी था। कई बार उसे नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया गया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता था। पिछले शुक्रवार को भी उसने शराब पी रखी थी और घर में झगड़ा कर रहा था। जिसकी सूचना डायल 100 पर दी गई थी।

परिजनों के अनुसार उस दिन वह जहर की दो पुड़िया लेकर आया था, एक पुड़िया कटोरी में घोल रखी थी और कभी घर न लौटने की बात कहकर घर से निकल गया था। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। बुधवार को खेत में शव मिलने की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक अपने पीछे पत्नी सविता, 17 वर्षीय बेटा अक्षय और 11 वर्षीय बेटी वैष्णवी को छोड़ गया है। सूचना पर बीबीनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। 

थाना प्रभारी हिमांशु चौधरी ने बताया कि मृतक के पिता सतेंद्र की तहरीर पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X