करीना कपूर के गले तक कैसे पहुंचा भोपाल रियासत का 200 साल पुराना शाही पेंडेंट? जानिए बेगमों का अनसुना इतिहास
करीना तक कैसे पहुंचा 200 साल पुराना पेंडेंट, क्या है शाही बेगमों का इतिहास?
Last Updated:
करीना कपूर खान के जिस पेंडेंट पर बवाल मचा है वह भोपाल की बेगमों से जुड़ा बताया जा रहा है. भोपाल में बेगमों का लंबा इतिहास रहा है.1819 के बाद से 1926 तक तकरीबन 107 साल तक भोपाल की नवाबी सत्ता पर राज करने वाली इन बेगमों ने भोपाल के विकास में अहम योगदान दिया था.
भोपाल की पहली महिला शासक कुदसिया बेगम, उनकी बेटी सिकंदर बेगम, करीना कपूर खान, शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम (फोटो-विकीमीडिया कॉमन्स/सोशल मीडिया)
1819 में भोपाल में कुछ ऐसा हुआ जिसने नवाबी इतिहास की पूरी कहानी बदल दी. ये वही साल है जब नवाब नजर मोहम्मद खान का इंतकाल हो गया. उनकी बेगम गौहर के सामने रियासत को संभालना एक बड़ी चुनौती थी. उन्होंने जिम्मेदारी संभाली और भोपाल की पहली बेगम बनी, जिन्हें कुदसिया बेगम के नाम से जाना जाता है. यहां से भोपाल में बेगमों का ऐसा दौर शुरू हुआ जो 107 साल तक चला. ऐसा पहली बार था जब किसी रियासत की कमान बेगम के हाथ रही
भोपाल का यह शाही इतिहास एक बार फिर चर्चा में है. वजह हैं करीना कपूर. दरअसल करीना कपूर ने दीवाली पर जो तस्वीर पोस्ट की थी. उसमें उन्होंने नवाबी इतिहास से जुड़ी 200 साल पुरानी कलगी और वो पेंडेंट पहना था जिस पर कुरान की आयत उल कुर्सी लिखी है. इसे लेकर भोपाल में कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है और करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को लीगल नोटिस भेजा है. उनका कहना है कि आयात लिखे पेंडेंट को पहनना धार्मिक भावनाओं को आहत करना है.
कुदसिया बेगम थीं भोपाल की पहली महिला शासक
मध्य प्रदेश पर्यटन की वेबसाइट के मुताबिक कुदसिया बेगम 1837 तक भोपाल की शासक रहीं. उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी पुरुष उत्तराधिकारियों और दरबार के प्रभावशाली लोगों का विरोध, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी सिकंदर बेगम को उत्तराधिकारी घोषित किया और खुद शासन चलाया. भोपाल जिला प्रशासन का इतिहास और मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की वेबसाइट के मुताबिक इस दौर में भोपाल ने बहुत कुछ पाया. इसका मुख्य उदाहरण प्रसिद्ध जामा मस्जिद है, जिसका निर्माण इसी दौरान हुआ. भोपाल की ऐतिहासिक पहचान गोहर महल, शहर में पानी की व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण काम किए गए.
सिकंदर बेगम बनीं दूसरी महिला शासक
कुदसिया बेगम पहले ही सिकंदर बेगम को उत्तराधिकारी घोषित कर चुकी थीं. हालांकि 1837 से 1844 तक सत्ता की स्थिति बदली और नवाब जहांगीर मोहम्मद खान का शासन रहा.1844 में सिकंदर बेगम ने कमान संभाली और सड़कों और सार्वजिनक सुविधाओं का विकास कराया. मदरसे खुलवाए. भोपाल की मोती मस्जिद और मोती महल बनवाया.
फिर शाहजहां बेगम के हाथ आई कमान
सिकंदर बेगम की बेटी शाहजहां बेगम ने भोपाल के शासन की कमान 1868 में संभाली. 1901 तक अपने शासनकाल में उन्होंने ताजमहल पैलेस का निर्माण कराया, ताज उल मसाजिद बनवाया. शहर में जलापूर्ति व्यवस्था का विकास कराया. इस दौरान अस्पतालों, डाक व्यवस्था और रेलवे जैसी सुविधाओं को बढ़ावा मिला. उन्होंने भोपाल के इतिहास पर ताज-उल-इकबाल नाम की पुस्तक भी लिखी. यह उनके साहित्यिक योगदान का महत्वपूर्ण उदाहरण है.
सुल्तान जहां बेगम ने दिया शिक्षा पर जोर
सुल्तान जहां बेगम, शाहजहां बेगम की बेटी थीं. उन्होंने 1901 में भोपाल का शासन संभाला और 25 साल तक राज किया. उन्हें भोपाल के आधुनिकीकरण और शिक्षा सुधारों के लिए जाना जाता है. खासतौर से उन्होंने लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा दिया. 1918 में प्राथमिक शिक्षा को मुफ्त और अनिवार्य बनाने की व्यवस्था की. स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों के विकास पर ध्यान दिया. वह 1920 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्विवद्यालय की पहली चांसलर बनीं. 1926 में उन्होंने अपने बेटे हमीदुल्लाह खान के पक्ष में सत्ता छोड़ दी.
करीना के पेंडेंट का भोपाल के शाही परिवार से क्या संबंध है?
1926 में हमीदुल्लाह खान भोपाल के नवाब बने, जो भोपाल रियासत के आखिरी नवाब थे. उनकी बेटी का नाम साजिदा सुल्तान था. उनका निकाह इफ्तिखान अली खान पटौदी से हुआ, जिनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी थे. यानी सैफ अली खान के पिता. इस तरह भोपाल के शाही परिवार की विरासत सैफ अली खान के जरिए करीना कपूर तक पहुंची होगी.

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. इससे पहले मैंने, अमर उजाला, हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया है. साथ ही टाइम्स नाउ, जागरण और टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट में राजनीति, इतिहास, शिक्षा, साहित्…
और पढ़ें
