चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच के पटरी से उतरने के बाद यात्रियों की मुश्किलें कम करने के बजाय रेलवे ने उन्हें और परेशानी में डाल दिया। हादसे के बाद एसी कोच में सफर कर रहे करीब 301 यात्रियों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया। सुविधा और आराम के लिए यात्रियों ने एसी कोच का टिकट लिया था लेकिन हादसे के बाद उन्हें स्लीपर कोच में ठूंसकर भेजा गया। रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने की बात कहकर रात करीब नौ बजे सात स्लीपर कोच की ट्रेन में यात्रियों को बैठा दिया। छोटे बच्चों और महिलाओं समेत यात्रियों को ठंड में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
यात्रियों का आरोप है कि हादसे के बाद रेलवे की ओर से न तो खाने का इंतजाम किया गया। न ही ठंड से बचने की कोई व्यवस्था। करीब चार घंटे तक उन्हें प्लेटफॉर्म पर ही भटकना पड़ा। इस दौरान घर से लगातार फोन आते रहे। परिवार के लोग उनकी सलामती और घर पहुंचने की जानकारी लेते रहे, लेकिन यात्रियों को खुद नहीं पता था कि उन्हें कब और कैसे रवाना किया जाएगा। भूख-प्यास और अनिश्चितता ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी।