‘कॉफी विद करण 9’ का नया एपिसोड बुधवार को रिलीज हो गया है। इस बार काउच पर बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी करीना कपूर खान और सैफ अली खान नजर आए। इसके साथ करीना और सैफ ने शो में 16 साल बाद वापसी की। जानिए शो से जुड़ी खास बातें।
सैफ को खून से लथपथ देखकर डर गईं थी करीना
‘कॉफी विद करण’ के फाइनल सीजन के ताजा एपिसोड में दोनों ने पिछले साल सैफ पर उनके घर में हुए चाकू से हमले को लेकर खुलकर बात की। कपल ने पहली बार उन अफवाहों और साजिश की थ्योरी पर भी रिएक्शन दिया, जिनमें इस हमले को लेकर सवाल उठाए गए थे।
करीना ने कहा, ‘मुझे ये साजिश वाली बातें समझ नहीं आतीं। इसका मतलब है कि लोगों को लगता है कि पुलिस भी हमारे साथ मिली हुई थी, क्योंकि उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया था। तो फिर क्या पुलिस भी इस साजिश का हिस्सा थी? सैफ के बेटे ने घर के हेल्पर हरि के साथ उन्हें अस्पताल पहुंचाया था। यह बहुत बुरा है कि लोगों ने इस तरह के सवाल उठाए।’
करीना ने उस रात का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह नाइट टी-शर्ट में सड़क पर ऑटो रिक्शा रोक रही थीं। उन्होंने कहा, ‘अच्छा हुआ कि किसी ने उस समय मेरा वीडियो नहीं बनाया, करण। मैं सड़क पर चिल्ला रही थी। मैं पागलों की तरह भाग रही थी और सैफ के शरीर से खून बह रहा था। उस समय टिम ने सबसे पहले पूछा था, ‘अब्बा, क्या आप मरने वाले हैं?’