बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गोसेवा की जो अलख रमेश बाबा ने जगाई, उसे बुझने नहीं देंगे :योगी – We Will Not Let The Flame Of Cow Service Ignited By Ramesh Baba, Be Extinguished: Yogi
मथुरा

गोसेवा की जो अलख रमेश बाबा ने जगाई, उसे बुझने नहीं देंगे :योगी – We Will Not Let The Flame Of Cow Service Ignited By Ramesh Baba, Be Extinguished: Yogi

November 18, 2026


बरसाना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरसाना में संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने माताजी गोशाला पहुंचकर संत की समाधि पर पुष्प चढ़ाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने श्यामलक्ष्मी अस्पताल में निशुल्क डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढ़े तीन बजे माताजी गोशाला पहुंचे थे। समाधि स्थल पर नमन करने के बाद उन्होंने गोशाला में गो पूजन किया। श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने संत रमेश बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संत रमेश बाबा का पूरा जीवन गोमाता की सेवा, संरक्षण और सनातन संस्कृति के लिए समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराज जी के गोलोकवासी होने का समाचार मिलने के बाद वह दो बार यहां आने का कार्यक्रम बना चुके थे। हालांकि, किन्हीं कारणों से नहीं आ सके थे। उनके मन में यह भाव था कि जिस संत ने अपना पूरा जीवन गोसेवा, गोरक्षा, गो संरक्षण और गो संवर्धन के लिए समर्पित किया, उनकी स्मृतियों को नमन करने अवश्य आना है।

सनातन संस्कृति को बताया ऋषि व कृषि प्रधान

मुख्यमंत्री ने भारत की सनातन संस्कृति को ऋषि प्रधान और कृषि प्रधान बताया। उन्होंने कहा, ऋषि परंपरा और कृषि परंपरा के बीच गो माता सेतु का काम करती हैं। संत रमेश बाबा ने भारतीय विरासत, संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने इस क्षेत्र को कृष्णमय और राधामय बनाने के साथ समाज को सेवा की अनमोल विरासत सौंपी है।

गोसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संत रमेश बाबा ने गोसेवा के क्षेत्र में जो विरासत खड़ी की है, उसे आगे बढ़ाने में वह सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा और संकल्प आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने गोशाला में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गोसेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। यह परंपरा निरंतर जारी रहेगी।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति

इस दौरान प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण मौजूद रहे। योगी बाबा बालकनाथ, मौनी बाबा, पंडित बाबा, संत रमेश बाबा के उत्तराधिकारी ब्रजशरण दास महाराज, मान मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री और सचिव सुनील सिंह के अलावा कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी सहित बड़ी संख्या में संत-महंत और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

———————–

पंडित बाबा से मिले योगी

बरसाना। माताजी गोशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संतों के प्रति आत्मीय भाव देखने को मिला। यहां उनकी मुलाकात विनोद बाबा के कृपा पात्र पंडित बाबा से हुई। मुख्यमंत्री ने उनसे विनोद बाबा की कुशलक्षेम जानी और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह शीघ्र ही राधारानी के दर्शन करने बरसाना आएंगे और विनोद बाबा से भी भेंट करेंगे। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X