शिविर समाज में मानवता की सेवा की देते हैं सीख :रामनाथ कोविंद – Camps Teach The Lesson Of Serving Humanity In Society: Ram Nath Kovind
वृंदावन। देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के सहयोग से तारा संस्थान द्वारा आयोजित द्वितीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर समाज में मानवता की सेवा और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की सीख देते हैं। यह शिविर जरूरतमंद लोगों के जीवन में उजाला लाएगा।
कोविंद ने उद्घाटन अवसर पर कहा कि ऐसे शिविर समय-समय पर लगते रहने चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवा मिल सके। शिविर में निशुल्क नेत्र परीक्षण, मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए मरीजों की जांच और चयन किया गया। श्रवण बाधित व्यक्तियों की भी जांच की गई। इन स्वास्थ्य सेवाओं को रोग विशेषज्ञों द्वारा प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। पूर्व राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद भी मौजूद थीं। शिविर के उद्घाटन के बाद वह परिवार के साथ मथुरा श्रीकृष्णजन्म स्थान दर्शन करने पहुंचे। इस अवसर पर सिग्नेचर ग्लोबल के संस्थापक प्रदीप कुमार अग्रवाल व सह-संस्थापक ललित कुमार अग्रवाल मौजूद थे। यह शिविर तारा संस्थान और सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका मुख्य लक्ष्य समाज के वंचित वर्ग को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाना है।
