चमोली :जिले में प्रधानाचार्य के 95 फीसदी पद रिक्त, शिक्षा प्रभावित – Chamoli: 95% Of Principal Posts In The District Are Vacant; Education Is Affected
गोपेश्वर। जिले के अधिकांश राजकीय इंटर कॉलेज और हाईस्कूल प्रधानाचार्य विहीन चल रहे हैं। प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक के पद रिक्त होने से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिक्षकों को शिक्षण के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ रही हैं।
राजकीय इंटर कॉलेजों में 127 स्वीकृत पदों में से केवल सात पर प्रधानाचार्य तैनात हैं। वहीं, राजकीय हाईस्कूलों में 73 स्वीकृत पदों में से एक ही नियमित प्रधानाध्यापक कार्यरत है। जिले के पांच विकासखंडों में एक भी विद्यालय में प्रधानाचार्य नहीं हैं। शिक्षकों की कमी के कारण उन पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। राजकीय शिक्षक संघ ने सरकार पर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के दावों पर सवाल उठाए हैं। संघ ने कहा कि पर्वतीय जिलों में स्थिति अधिक गंभीर है। वहीं राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह और संरक्षक नरेंद्र सिंह रावत ने 2018 से शिक्षकों की पदोन्नति न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की मांग की है। दूसरी ओर मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल ने बताया कि प्रधानाचार्य पदों पर सीधी भर्ती प्रस्तावित थी। शिक्षकों के विरोध के बाद विद्यालयों में प्रभारी प्रधानाचार्य कार्यरत हैं।
