लोक आस्था, तप और सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। तड़के से ही घाटों, झीलों और विभिन्न कॉलोनियों में बनाए गए अस्थायी पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु तथा खुशहाली की कामना की। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी पूरा हुआ। इसके बाद घर लौटकर प्रसाद ग्रहण किया।
छठ महापर्व के अंतिम दिन सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना देर रात से ही शुरू हो गया था। तड़के करीब चार बजे से विभिन्न पूजा स्थलों पर व्रतियों और उनके परिजनों की आवाजाही तेज हो गई।