2027 Tata Nexon का पूरी तरह बदल जाएगा लुक! दिखी पहली झलक, मिलेंगे ये धांसू फीचर्स
Tata Motors अपनी सबसे पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी Tata Nexon के नेक्स्ट-जनरेशन मॉडल को बाजार में उतारने की तैयारी में जुट गई है. साल 2017 में पहली बार लॉन्च होने के बाद से ये इस एसयूवी का पहला सबसे बड़ा और पूर्ण जनरेशन बदलाव होने जा रहा है. हाल ही में भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान अपकमिंग 2027 टाटा नेक्सन के नए स्पाई शॉट्स सामने आए हैं, जिनमें गाड़ी के एक्सटीरियर और इंटीरियर दोनों में बड़े बदलावों की साफ झलक देखने को मिली है.
पूरी तरह से कैमोफ्लाज होने के बावजूद इन तस्वीरों ने इस बात के पक्के संकेत दे दिए हैं कि इस बार कंपनी महज एक सामान्य फेसलिफ्ट के बजाय इसके डिजाइन, केबिन, प्लेटफॉर्म और फीचर्स में बड़े बदलाव करने वाली है. आने वाले समय में ये एसयूवी नए अवतार के साथ कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करने उतरेगी. आइए इसकी संभावित डिजाइन से लेकर इंजन और परफॉरमेंस तक की डिटेल बताएंगे.
बॉक्सी लुक और ज्यादा स्पेस वाला एक्सटीरियर डिजाइन
नए स्पाई शॉट्स के मुताबिक, 2027 टाटा नेक्सन का ओवरऑल सिल्हूट पहले के मुकाबले ज्यादा बॉक्सी और पारंपरिक एसयूवी जैसा नजर आ रहा है. इसके फ्रंट प्रोफाइल को ज्यादा अपराइट रखा गया है और रूफलाइन को पहले से फ्लैट बनाया गया है. डिजाइन में इस बदलाव का सीधा फायदा केबिन के अंदर पिछली सीट पर बैठने वाले पैसेंजर्स को ज्यादा हेडरूम और बड़े बूट स्पेस के रूप में मिल सकता है.
हालांकि, इसमें राउंड व्हील आर्च, इंडिकेटर वाले रेक्टेंगुलर ORVMs और पारंपरिक पुल-टाइप डोर हैंडल पहले जैसे ही बरकरार रखे गए हैं. टेस्टिंग मॉडल में नए डिजाइन के 17-इंच के अलॉय व्हील्स दिखे हैं, जबकि इसके टॉप वेरिएंट्स में 18-इंच के बड़े व्हील्स मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा आगे की ग्रिल, हेडलैंप, बंपर और पीछे के टेल लैंप्स को भी नया रूप दिया जाएगा.
हाई-टेक केबिन और प्रीमियम फीचर्स की भरमार
एक्सटीरियर की तुलना में नई नेक्सॉन के इंटीरियर में कहीं ज्यादा बड़ा मेकओवर देखने को मिलेगा. लीक हुई तस्वीरों में डैशबोर्ड पर एक बेहद स्लिम डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पहले से बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम नजर आया है.
दोनों स्क्रीन नए यूजर इंटरफेस और एडवांस कनेक्टेड कार फीचर्स के साथ आ सकती हैं. स्टीयरिंग व्हील पर इल्यूमिनेटेड टाटा लोगो वाला जाना-पहचाना टू-स्पोक डिजाइन ही रखा गया है, हालांकि इसके स्विचगियर और डिटेलिंग में हल्के बदलाव संभव हैं. फीचर्स की बात करें तो नई नेक्सन में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग, एयर प्यूरीफायर, इन-बिल्ट डीवीआर (डैशकैम), 360-डिग्री कैमरा और सेफ्टी के लिए लेवल-2 ADAS जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए जाने की पूरी संभावना है.
नया प्लेटफॉर्म, इंजन विकल्प और संभावित लॉन्च
तकनीकी मोर्चे पर भी ये एसयूवी बड़ा कदम उठाने जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, नेक्स्ट-जनरेशन नेक्सन को टाटा के मॉड्यूलर ATLAS प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा, जो पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक (EV) पावरट्रेन को सपोर्ट करने में सक्षम है.
इंजन की बात करें तो इसमें मौजूदा 1.2 लीटर टर्बो-पेट्रोल और सीएनजी विकल्प जारी रह सकते हैं, जबकि डीजल वेरिएंट में टाटा सिएरा वाला नया क्रायोजेट इंजन दिया जा सकता है. कंपनी ने अभी आधिकारिक लॉन्च की तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन इसके 2027 में डेब्यू करने की उम्मीद है. इसके साथ ही नई नेक्सन ईवी भी इसी के नक्शेकदम पर अपडेट होकर बाजार में उतरेगी. कॉपीराइट के चलते हम आपको स्पाईशॉट्स नहीं दिखा सकते हैं.
