छत्तीसगढ़:धमतरी में राइस मिल से 32,878 क्विंटल धान और चावल जब्त, बिलाईगढ़ में अवैध भंडारण पर 2,798 बोरी पकड़ी – Chhattisgarh Dhamtari Rice Mill 32878 Quintal Paddy Seized Bilaigarh Illegal Storage
धमतरी जिले में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही प्रशासन ने अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त किया है। जांच के दौरान राइस मिल प्रबंधन अधिकारियों के समक्ष स्टॉक पंजी प्रस्तुत करने में नाकाम रहा, जिसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार यह कदम उठाया। वहीं, बिलाईगढ़ और सालर में प्रशासन ने कार्रवाइयां करते हुए कुल 2,798 बोरी धान जब्त किया है।
रिकॉर्ड नहीं दिखा सका मुंशी
धमतरी में संयुक्त टीम ने ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज तथा ए.के. राइस इंडस्ट्रीज यूनिट-2 का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के समय फर्म के संचालक अकील अहमद खान मौके पर अनुपस्थित पाए गए। वहीं, मिल में मौजूद मुंशी सोहेल रजा जांच अधिकारियों के सामने धान और चावल से संबंधित स्टॉक पंजी व दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। रिकॉर्ड उपलब्ध न होने की स्थिति में जांच टीम ने दोनों मिलों में भंडारित खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान दोनों इकाइयों में कुल 80 हजार कट्टा (32,878 क्विंटल) धान और 1,425 क्विंटल चावल पाया गया। अधिकारियों ने समस्त खाद्यान्न जब्त करके मौके पर मौजूद मुंशी सोहेल रजा की सुपुर्दगी में दे दिया। वर्तमान समय में दोनों फर्मों द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने का काम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- रायगढ़ में आयकर विभाग का छापा: कमल और श्रवण अग्रवाल के ठिकानों पर टीम ने मारी रेड, सुबह-सुबह मचा हड़कंप
बिलाईगढ़ में भी अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई
बिलाईगढ़ स्थित मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर दबिश देकर अधिकारियों ने 2,700 बोरी धान जब्त किया। सालर गांव में उपसंभागीय मजिस्ट्रेट द्वारा भंडारण की जांच के दौरान अनियमितता पाई गई, जिसके बाद टीम ने 98 कट्टा धान जब्त किया। प्रशासनिक अमले ने कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उपार्जन केंद्रों और चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण
वहीं, भटगांव के तहसीलदार ने साहू ट्रेडर्स के परिसर, अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट तथा सलिहा घाट धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान के आवागमन, सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था तथा खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तहसीलदार ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर तत्काल जांच करें।
सीमाओं पर सख्त पहरा और 21 चेकपोस्ट तैनात
बिलाईगढ़ जिले के भीतर तथा पड़ोसी राज्यों व जिलों से धान के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने कुल 21 स्थानों पर जांच चौकियां बनाई हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। इन चेकपोस्टों के माध्यम से वाहनों के आवागमन और धान की आवाजाही पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है।
