शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छत्तीसगढ़ समेत 11 राज्यों में 3.37 करोड़ की साइबर ठगी:कांकेर से दो आरोपी गिरफ्तार,धोखाधड़ी को ऐसे दिये अंजाम – Cyber Fraud Worth ₹3.37 Crore Across 11 States Including Chhattisgarh: Two Accused Arrested
कांकेर

छत्तीसगढ़ समेत 11 राज्यों में 3.37 करोड़ की साइबर ठगी:कांकेर से दो आरोपी गिरफ्तार,धोखाधड़ी को ऐसे दिये अंजाम – Cyber Fraud Worth ₹3.37 Crore Across 11 States Including Chhattisgarh: Two Accused Arrested

November 14, 2026


देश के 11 राज्यों में हुई 3.37 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने कांकेर जिले के दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने साइबर ठगी के मुख्य सरगना के बहकावे में आकर बैंक ऑफ वडोदरा में अपने खाते खुलवाए थे और फिर उन्हें किराए पर दे दिया था। ठगों ने देश भर के विभिन्न हिस्सों से ठगी गई रकम को इन्हीं दो खातों में ट्रांसफर करके निकाला। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों में जमा 67,850 रुपये की राशि को होल्ड करवा दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

साइबर सेल की जांच में खुलासा

गृह मंत्रालय भारत सरकार के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर साइबर सेल कांकेर ने बैंक ऑफ वडोदरा के संदिग्ध खातों का विवरण भानुप्रतापपुर पुलिस को भेजा था। भानुप्रतापपुर थाना पुलिस ने खातों की गहन जांच शुरू की। जांच में स्पष्ट हुआ कि ये सभी खाते म्यूल अकाउंट के रूप में संचालित हो रहे थे। साइबर अपराधी ठगी की रकम को सीधे इन खातों में जमा कराते थे और उसके तुरंत बाद राशि को अन्य बैंक खातों में स्थानांतरित कर लेते थे।

इन दोनों खातों के विरुद्ध देश भर के विभिन्न राज्यों से कुल 11 साइबर शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें गया (बिहार), तांबरम (तमिलनाडु), हुगली (पश्चिम बंगाल), दिल्ली, बनासकांठा (गुजरात), मंडी (हिमाचल प्रदेश), मुंबई, ठाणे, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, यवतमाल (महाराष्ट्र) तथा तेलंगाना शामिल हैं। इन सभी शिकायतों को मिलाकर कुल 3.37 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है।

किराए के खातों का खेल

पुलिस ने दोनों खाताधारकों की पहचान दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के नयापारा उतामार निवासी 25 वर्षीय अखिलेश्वर जैन और जेपरा निवासी 26 वर्षीय सतीश उसेंडी के रूप में की। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें इस फर्जीवाड़े की पूरी परतें खुल गईं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि फरसगांव (कोंडागांव) निवासी परमेश्वर मरकाम ने उनसे ये बैंक खाते खुलवाए थे।

दोनों आरोपी पहले सेल्समैन का कार्य करते थे और उसी दौरान उनकी जान-पहचान परमेश्वर से हुई थी। परमेश्वर ने जून 2025 में दोनों युवकों के नाम से बैंक ऑफ वडोदरा में खाते खुलवाए और फिर उन्हें अपने पास रख लिया। खातों में दर्ज मोबाइल नंबरों के सिम कार्ड का इस्तेमाल भी वही कर रहा था। इस कारण खातों में आने वाली रकम के संदेशों की जानकारी दोनों युवकों को नहीं होती थी। मुख्य आरोपी परमेश्वर मरकाम इसी तरह के एक अन्य फर्जीवाड़े के मामले में वर्तमान में कोंडागांव जेल में बंद है।

बैंकों की लापरवाही और सतर्कता

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग स्वयं को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए अब बैंक खाते खरीद रहे हैं। भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के अनुसार, निजी बैंक प्रबंधकों और कर्मियों को नए खाते खोलने का लक्ष्य मिलता है। इसी होड़ में वे खाता खोलते समय आवश्यक जांच-पड़ताल नहीं करते और बड़े लेनदेन पर भी निगरानी नहीं रखते। साइबर ठग इसी लापरवाही का फायदा उठाकर युवकों को लालच में फंसाते हैं और उन्हें अपराध में संलिप्त कर देते हैं।

इस प्रकरण में भी आरोपी ने बैंक खाता खुलवाने के लिए दोनों युवकों को 10-10 हजार रुपये दिए थे और बीच-बीच में कमीशन भी दिया जाता था। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जिसका खाता इस्तेमाल होता है, वह भी इस मामले में बराबर का आरोपी होता है। कांकेर जिले में कई म्यूल अकाउंट होने का खुलासा इसी वर्ष अगस्त में हुआ था, जब नरहरपुर के ठेमा डाकघर का पोस्टमास्टर पकड़ा गया था। उसने भगवती मेडिकल स्टोर्स के संचालक को लालच देकर खाता खुलवाया था। पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी होने पर पीड़ित तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय पर खाते को होल्ड कराया जा सके।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X