सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जयपुर में भीषण सड़क हादसा:बस, एंबुलेंस, कार और बोलेरो की भिड़ंत, चालक की मौत; सात गंभीर घायल – Four-vehicle Collision On Jobner-renwal Highway, Bolero Driver Killed, Seven Seriously Injured
जयपुर

जयपुर में भीषण सड़क हादसा:बस, एंबुलेंस, कार और बोलेरो की भिड़ंत, चालक की मौत; सात गंभीर घायल – Four-vehicle Collision On Jobner-renwal Highway, Bolero Driver Killed, Seven Seriously Injured

November 16, 2026


राजस्थान की राजधानी जयपुर के ग्रामीण क्षेत्र में रविवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। जोबनेर थाना क्षेत्र में रेनवाल हाईवे पर भोजपुरा स्टैंड के पास सवारियों से भरी निजी बस, निजी एंबुलेंस, कार और बोलेरो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।

बस के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निजी बस जयपुर से रेनवाल की ओर जा रही थी। भोजपुरा बस स्टैंड से आगे अचानक बस चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही निजी एंबुलेंस और कार अनियंत्रित होकर बस से टकरा गईं। इसी दौरान सामने से पचकोडिया की ओर से जोबनेर आ रही बोलेरो भी इन वाहनों से जा भिड़ी। लगातार हुई टक्करों के कारण चारों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

बोलेरो चालक की मौके पर मौत, सात लोग गंभीर घायल

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। भिड़ंत में बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान विशाल जाट निवासी लापोड़िया, फागी के रूप में हुई है। वहीं, एक महिला समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। वाहनों में सवार कई लोग घायल होकर अंदर फंस गए थे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, हाईवे पर लगा जाम

सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सात लोगों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।

सोमवार सुबह होगा मृतक का पोस्टमार्टम

जोबनेर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के अनुसार, हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारू करवा दिया गया है। मृतक विशाल जाट का शव जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मोर्चरी में रखवाया गया है। सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X