केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पांच नवंबर को करीब दो घंटे जिले के मुंगराबादशाहपुर में रहेंगे। सूचना विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार वह सुबह 11:15 बजे मुंगराबादशाहपुर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद 11:30 बजे से दोपहर एक बजे तक सार्वजनिक पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
वह प्रस्तावित बाइपास सहित राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसमें पूर्वांचल विश्वविद्यालय से कुत्तूपुर और वाजिदपुर से पचहटिया तक फोरलेन शामिल है। राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने बताया कि इस दौरान वह 197 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 4.335 किलोमीटर लंबे मुंगराबादशाहपुर बाइपास की आधारशिला रखेंगे।
इसे भी पढ़ें; यूपी: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पहुंचीं काशी, एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि 128 करोड़ रुपये की लागत से पूर्वांचल विश्वविद्यालय से कुत्तुपुर तक फोरलेन और कुत्तुपुर से पॉलीटेक्निक चौराहे तक सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे। वाजिदपुर तिराहे से पचहटिया तक फोरलेन सड़क परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे।
इसके अलावा मुंगराबादशाहपुर से जौनपुर कुल्हनामऊ में प्रस्तावित रिंग रोड तक फोर लेन की भी घोषणा कर सकते हैं। इसकी लंबाई 50.603 किमी है, जो 63 गांवों से होकर गुजरेगी। दोपहर 1:15 बजे हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे।