झालावाड़:भवानीमंडी की दो बस्तियों में बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, स्कूल छोड़ने पर होगी पड़ताल – Police Initiative To Prevent Exploitation
झालावाड़ बालिकाओं को शोषण और मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं से बचाने तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए झालावाड़ पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक ने भवानीमंडी क्षेत्र की दो बस्तियों के निवासियों के साथ बैठक कर बालिकाओं की सुरक्षा, नियमित स्कूली शिक्षा और उनके अधिकारों को लेकर चर्चा की।
इन बस्तियों में नाबालिग बालिकाओं को जबरन वेश्यावृत्ति में धकेलने के मामले में हाल ही में प्रकरण दर्ज किया गया है। बैठक में पुलिस अधीक्षक के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष श्रोत्रिय, भवानीमंडी वृत्ताधिकारी और थानाधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बस्ती के लोगों को स्पष्ट किया कि किसी भी नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर, दबाव बनाकर या किसी अन्य तरीके से देह शोषण अथवा अनैतिक गतिविधियों में धकेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल से दूरी बनी तो पुलिस करेगी पड़ताल
पुलिस ने बालिकाओं की शिक्षा को उनके सुरक्षित भविष्य से जोड़ते हुए अभिभावकों से बेटियों का विद्यालय में नामांकन कराने और उन्हें नियमित स्कूल भेजने की अपील की है। पुलिस संबंधित विद्यालयों के संपर्क में रहकर बालिकाओं की उपस्थिति पर नजर रखेगी। यदि कोई बालिका लगातार स्कूल से अनुपस्थित रहती है या बीच में पढ़ाई छोड़ देती है तो इसके कारणों की जानकारी जुटाई जाएगी। शोषण, दबाव या मानव तस्करी की आशंका होने पर तत्काल जांच की जाएगी।
पढ़ें: कनिष्ठ अभियंता भर्ती में 1035 पद बढ़े, अब 1909 पदों पर होगा चयन
पढ़ाई छूटी तो दोबारा दिलाएंगे प्रवेश
पुलिस की कार्ययोजना में स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ना भी शामिल है। इसके लिए शिक्षा विभाग से समन्वय कर उनका पुनः नामांकन कराया जाएगा। साथ ही छात्रवृत्ति और छात्रावास जैसी सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग किया जाएगा।
बीट पुलिस रखेगी बस्तियों से संपर्क
बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीट पुलिसकर्मी बस्ती के निवासियों और विद्यालयों के लगातार संपर्क में रहेंगे। जरूरत पड़ने पर बालिकाओं को संरक्षण, परामर्श और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए बाल कल्याण समिति तथा जिला बाल संरक्षण इकाई से समन्वय किया जाएगा।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी बालिका पर दबाव बनाने, उसे बहला-फुसलाकर ले जाने या उसके शोषण की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति और पीड़ित बालिका की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बालिकाओं को शोषण से बचाना, उनकी शिक्षा जारी रखना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए परिवारों, विद्यालयों और संबंधित विभागों के सहयोग से लगातार निगरानी और सहायता की व्यवस्था की जाएगी।
