दिवाली के बाद मायके लौटी रूसी बहू, भारत से रोते-रोते गई अपने देश, बोली- सास का शगुन रह गया
Viral Video : शादी के बाद जब कोई बेटी पहली बार अपने मायके से ससुराल आती है, तो उस पल में कई भावनाएं छिपी होती हैं. लेकिन जब कोई विदेशी बहू शादी के बाद अपना घर-परिवार छोड़कर हजारों किलोमीटर दूर भारत आती है, तो उसके लिए यहां की हर छोटी-बड़ी चीज खास बन जाती है. कुछ ऐसा ही रिश्ता रूस की रहने वाली कसीनिया और उनके भारतीय पति उद्देश्य का भी है. शादी के एक साल बाद अब कसीनिया पहली बार भारत में दिवाली मनाने के बाद अपने मायके रूस लौट रही हैं. उनकी विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल छू रहा है. हालांकि, इस भावुक पल के बीच सामान के वजन को लेकर ऐसा देसी ड्रामा हुआ, जिसे देखकर हर भारतीय परिवार को अपना सफर याद आ जाएगा.
चार बैग लेकर रूस जाने की तैयारी
कसीनिया ने अपने यूट्यूब चैनल ‘KSENIIA & UDDESHYA’ पर विदाई से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वह अपने पति और परिवार से विदा लेकर रूस जाने की तैयारी करती दिखाई देती हैं. इस बार उनका सफर पहले से थोड़ा अलग और खास था, क्योंकि शादी के एक साल बाद वह पहली बार अपने मायके जा रही थीं.
रूस जाने के लिए कसीनिया ने चार बैग तैयार किए थे. लेकिन सबसे बड़ी परेशानी एयरलाइन की 23 किलो वजन सीमा को लेकर थी. सामान देखकर परिवार को अंदाजा हो गया था कि सूटकेस का वजन निर्धारित वजन से ज्यादा हो सकता है. ऐसे में एयरपोर्ट निकलने से पहले ही घर में सामान की छंटाई शुरू हो गई.
मां ने दही-गुड़ खिलाकर दी विदाई
विदाई के समय मां का प्यार भी देखने को मिला. सफर पर निकलने से पहले उन्होंने कसीनिया को दही और गुड़ खिलाया. भारतीय परंपरा के मुताबिक इसे शुभ माना जाता है. मां ने बेटी जैसी बहू को ढेर सारा आशीर्वाद दिया और उसके साथ खाने-पीने का सामान और कई तरह के भारतीय मसाले भी पैक कर दिए. इस दौरान घर का माहौल काफी भावुक था. एक तरफ कसीनिया अपने परिवार से दूर जा रही थीं, तो दूसरी तरफ सभी को उनके सुरक्षित सफर की चिंता थी.
वजन कम करने के लिए निकालनी पड़ी काजू कतली
एयरपोर्ट जाने से ठीक पहले कसीनिया को लगा कि उनके सामान का वजन 24 से 25 किलो तक पहुंच गया है. बस फिर क्या था! सूटकेस खोला गया और वजन कम करने के लिए सामान बाहर निकालना शुरू हो गया. इस दौरान मां के हाथों से मिली काजू कतली, चायपत्ती और खाने-पीने की कुछ दूसरी चीजों को भी बाहर रखना पड़ा. मीठा पसंद करने वालों के लिए काजू कतली छोड़ना किसी कुर्बानी से कम नहीं था. लेकिन असली ट्विस्ट तब आया, जब बाद में बैग को वजन मशीन पर रखा गया. उसका वजन महज 19 किलो निकला. यानी जिस काजू कतली को बचाने के लिए नहीं, बल्कि वजन घटाने के लिए बाहर निकाला गया था, उसकी कुर्बानी बेकार चली गई.
पति उद्देश्य नहीं कर पाए एयरपोर्ट के अंदर तक विदा
कसीनिया को एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे उनके पति उद्देश्य को भी एक परेशानी का सामना करना पड़ा. उन्हें एयरपोर्ट के एंट्री गेट से आगे जाने की अनुमति नहीं मिली. उद्देश्य को इस बात का दुख था कि कसीनिया का सामान काफी भारी था और वह अंदर जाकर उनकी मदद भी नहीं कर सके. कसीनिया की रूस तक की यात्रा भी आसान नहीं थी, क्योंकि उनके लिए कोई सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी. उन्हें तुर्की के रास्ते अपने देश पहुंचना था.
शादी के एक साल बाद की विदाई क्यों थी खास?
उद्देश्य ने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में दोनों अक्सर एक-दूसरे को एयरपोर्ट पर छोड़ने जाते थे और फिर अपने-अपने देश लौट जाते थे. लेकिन शादी के एक साल बाद यह विदाई पहले से काफी अलग महसूस हुई. कसीनिया के जाने के बाद घर में जो रौनक और हलचल थी, वह अचानक शांत हो गई. एक तरफ उद्देश्य को उनकी कमी महसूस हो रही थी, तो दूसरी तरफ इस बात की खुशी भी थी कि कसीनिया लंबे समय बाद अपने माता-पिता और परिवार के साथ समय बिता सकेंगी. फिलहाल कसीनिया का यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है.
