पटाखा बाजार :73 दुकानों पर सजा पटाखा बाजार, पुलिस के साथ दमकल की दो गाड़ियां तैनात – Firecracker Market: A Market Featuring 73 Stalls Has Been Set Up, Police Personnel And Two Fire Engines Have Been Deployed
चरखी दादरी।
चरखी दादरी। दिवाली पर पटाखों की बिक्री को लेकर इस बार प्रशासन की व्यवस्था प्रभावी नजर आ रही है। शहर में 73 लाइसेंसधारकों ने जनता कॉलेज स्टेडियम और बलिदान स्टेडियम में निर्धारित स्थानों पर दुकानें लगाई हैं। पड़ताल के दौरान वहां ग्रीन पटाखों के अलावा अन्य पटाखों की बिक्री और शहर में कहीं भी अनधिकृत रूप से पटाखे बेचने का मामला सामने नहीं आया। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के साथ दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी मौजूद हैं।
बॉक्स: निर्धारित स्थानों पर लगाईं दुकानें
पटाखों की बिक्री को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने शहर में 73 लोगों को लाइसेंस जारी किए हैं। सभी लाइसेंसधारकों ने अपनी दुकानें लगा ली हैं। जनता कॉलेज स्टेडियम और बलिदान स्टेडियम को पटाखा बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। इन दोनों स्थानों पर दुकानदार पटाखों की बिक्री कर रहे हैं। बाजार में दुकानों की व्यवस्था निर्धारित स्थानों पर होने से इस बार शहर के अन्य बाजारों और गलियों में पटाखों की अनधिकृत बिक्री का मामला सामने नहीं आया।
बॉक्स: पड़ताल में नहीं मिली नियमों की अनदेखी
पटाखा बाजार की पड़ताल के दौरान सबसे अहम बात यह सामने आई कि दोनों स्टेडियम में केवल ग्रीन पटाखे ही बेचे जा रहे हैं। किसी दुकान पर दूसरे पटाखों की बिक्री का मामला सामने नहीं आया। प्रशासन की ओर से भी दुकानदारों को ग्रीन पटाखे बेचने की अनुमति दी गई है। ऐसे में लाइसेंस धारकों की ओर से निर्धारित नियमों का पालन किया जाना राहत की बात है। अक्सर दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री को लेकर नियमों की अनदेखी और अनधिकृत दुकानों की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन इस बार पड़ताल में ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली।
बॉक्स: आगजनी से निपटने के लिए दो दमकल गाड़ियां तैनात
पटाखों के बाजार में बिक्री के साथ सुरक्षा इंतजामों पर भी ध्यान दिया गया है। दोनों स्टेडियम में पुलिस कर्मचारियों के अलावा अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी मौजूद हैं। पटाखों की दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए यह इंतजाम किए गए हैं।
वर्सन:
73 लाइसेंस धारकों की ओर से दुकानें लगाकर नियमों के तहत पटाखे बेचे जा रहे है। निगरानी के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
– डॉ. विरेंद्र सिंह, एसडीएम, दादरी।
