परिवहन:दिल्ली से बिहार के लिए 77 किफायती बसें शुरू, श्रेणी के अनुसार किराये में 134 से 1028 रुपये तक छूट – Transport: 77 Affordable Buses Launched From Delhi To Bihar; Fares To Be Discounted
छठ पूजा पर बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर किफायती बस सेवा शुरू की है। शुरुआती चरण में दोनों राज्यों के बीच 77 बसें चलाई जा रही हैं। इन बसों से बिहार के पांच डिवीजनों के प्रमुख शहरों तक पहुंचना आसान होगा। यात्रियों को बस की श्रेणी और मार्ग के अनुसार किराये में 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की छूट दी जा रही है। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों की मांग के अनुसार बस सेवाओं की नियमित समीक्षा होगी और जरूरत पड़ने पर इनका विस्तार किया जाएगा।
शुरुआती व्यवस्था के तहत मुजफ्फरपुर डिवीजन के लिए सबसे अधिक 36 बसें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए छह बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों के लिए नॉन एसी सीटर, नॉन एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर श्रेणियों में बसों की सुविधा उपलब्ध है।
छठ गीतों की गूंज के बीच पटना के लिए निकली अमृत भारत 3.0 ट्रेन
छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों को रेलवे ने खास सौगात दी है। भारतीय रेलवे की पहली अमृत भारत 3.0 ट्रेन को छठ पूजा विशेष ट्रेन के रूप में 11 नवंबर की रात को नई दिल्ली से पटना के लिए रवाना किया गया। इस दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छठ के पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई दी।
रेलवे के अनुसार, दिल्ली से बिहार के बीच छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो जाती है। बड़ी संख्या में लोग पर्व मनाने के लिए अपने घरों का रुख करते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों के साथ विशेष रेलगाड़ियों का संचालन यात्रियों को राहत देने में अहम है। इसी कड़ी में अमृत भारत 3.0 ट्रेन को विशेष रूप से चलाया गया। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान अतिरिक्त भीड़ को संभालने के साथ यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।
आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार
अमृत भारत 3.0 ट्रेन को आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। इसमें आरामदायक सीटों के साथ बेहतर सस्पेंशन की व्यवस्था की गई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को अधिक आराम मिल सकेगा। इसके अलावा आधुनिक शौचालय और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पुश-पुल तकनीक से मिलेगी बेहतर गति
यह ट्रेन पुश-पुल तकनीक से लैस है। इस तकनीक में ट्रेन के आगे और पीछे इंजन लगाए जाते हैं। इससे ट्रेन को गति पकड़ने और रफ्तार कम करने में मदद मिलती है। रेलवे के अनुसार, इस तकनीक से यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। बेहतर सस्पेंशन के कारण यात्रा के दौरान झटके भी कम महसूस होंगे।
छठ के माहौल में यादगार बना सफर का आगाज
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के समय छठ के पारंपरिक गीतों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के लिए यह अवसर खास रहा। छठ गीतों के बीच ट्रेन की रवानगी ने यात्रियों में उत्साह भर दिया।
