पुलिस कर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें :आईजी – Resolve The Problems Of Police Personnel In A Timely Manner: Ig
चंबा (टिहरी)। पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल) राजीव स्वरूप ने चंबा पुलिस लाइन में जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते हुए पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्मिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन में शनिवार को आयोजित सम्मेलन में आईजी ने आकस्मिक एवं उपार्जित अवकाश के आवेदनों पर नियमानुसार समय से निर्णय लेने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवकाश स्वीकृति में अनावश्यक देरी से पुलिसकर्मियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों की सेवा संबंधी पत्रावलियां और आवश्यक अभिलेख समय रहते तैयार करने के निर्देश भी दिए जिससे सेवानिवृत्ति के बाद देयकों और अन्य औपचारिकताओं के लिए कर्मचारियों को भटकना न पड़े।
पुलिसकर्मियों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने और भुगतान में विभागीय या प्रशासनिक अड़चन आने पर आईजी कार्यालय से पत्राचार कर समाधान कराने को कहा। अकाउंटेंट को लंबित यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता (टीए-डीए) बिलों का प्राथमिकता से भुगतान करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्मिकों की समस्याओं, विभागीय आवश्यकताओं और लंबित प्रकरणों से आईजी को अवगत कराया।
