सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
प्रयागराज :माघ मेले की तैयारियों के बीच सात अफसरों का तबादला, भूमि पूजन से पांच दिन पहले एसडीएम भी हटे – Crisis Looms Over Magh Mela Preparations; Seven Officers Transferred
प्रयागराज

प्रयागराज :माघ मेले की तैयारियों के बीच सात अफसरों का तबादला, भूमि पूजन से पांच दिन पहले एसडीएम भी हटे – Crisis Looms Over Magh Mela Preparations; Seven Officers Transferred

November 16, 2026


माघ मेले की तैयारियों के बीच शासन ने सात अधिकारियों का गैर जनपद तबादला कर दिया है। खास बात यह है कि 20 नवंबर को होने वाले भूमि पूजन से महज पांच दिन पहले मेला प्रशासन में यह फेरबदल किया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों में मेला क्षेत्र के एसडीएम विवेक शुक्ला भी शामिल हैं। ऐसे में मेले की तैयारियों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मेला प्रशासन में मेलाधिकारी ऋषिराज और कुछ लिपिक ही रह गए हैं।

15 जनवरी से शुरू होने वाला माघ मेला करीब 52 दिनों तक चलेगा। इसे ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए प्रशासन की तैयारियां एक महीने पहले से चल रही हैं। निर्माण कार्यों के टेंडर हो चुके हैं। पांटून पुलों के निर्माण का काम भी शुरू हो गया है। मेला क्षेत्र में समतलीकरण की तैयारी की जा रही है। मंडलायुक्त प्रत्येक बृहस्पतिवार को मेला तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

भूमि पूजन से पहले सात अधिकारियों का तबादला

15 नवंबर की रात एक नायब तहसीलदार और पांच तहसीलदारों का स्थानांतरण कर दिया गया। इनमें वैशाली शुक्ला, ऋषि मिश्रा, हंसराज, इंद्रभूषण और देवव्रत समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा कुंभ 2019 और महाकुंभ 2025 में एसडीएम की जिम्मेदारी संभाल चुके विवेक शुक्ला का भी तबादला कर दिया गया है।

विवेक शुक्ला को झांसी स्थित बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। उनके स्थान पर सौम्य मिश्र को मेला विकास प्राधिकरण का एसडीएम नियुक्त किया गया है।

विवेक शुक्ला का तबादला रुकवाने की कोशिश

सूत्रों के मुताबिक, माघ मेले की तैयारियों और पिछले कुंभ व महाकुंभ के अनुभव को देखते हुए विवेक शुक्ला का स्थानांतरण निरस्त कराने के लिए शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है। मेला प्रशासन का मानना है कि ऐन वक्त पर अधिकारियों के हटने से तैयारियों की गति प्रभावित हो सकती है।

मेलाधिकारी ऋषिराज ने बताया कि सात अधिकारियों के स्थानांतरण से तैयारियों पर प्रभाव पड़ सकता है। इस स्थिति से शासन को अवगत कराया जा रहा है। मेला प्रशासन और पुलिस 20 नवंबर को होने वाले भूमि पूजन की तैयारियों में जुटे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X