शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बाड़मेर:होटल पर फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार, 7 दिन की फरारी के बाद पुलिस शिकंजे में फंसे – Barmer: Panic After Firing At Hotel, History-sheeter Among Two Accused Arrested After 7 Days Of Escape
बाड़मेर

बाड़मेर:होटल पर फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार, 7 दिन की फरारी के बाद पुलिस शिकंजे में फंसे – Barmer: Panic After Firing At Hotel, History-sheeter Among Two Accused Arrested After 7 Days Of Escape

November 5, 2026


जिले के रावतसर गांव में चाय के होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सात दिन से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष टीमों ने जैसलमेर से जोधपुर तक आरोपियों का पीछा करते हुए दोनों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद में पीड़ित परिवार से वसूली करने के इरादे से स्कॉर्पियो में सवार होकर होटल पहुंचे थे और वहां दनादन गोलियां चलाई थीं।

होटल में बैठे युवक पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार पीड़ित ने सदर थाने में रिपोर्ट दी थी कि कमलेश उर्फ अंग्रेज, सांवलाराम और अन्य लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर रावतसर गांव स्थित होटल पर पहुंचे। आरोपियों ने होटल में बैठे एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। फायरिंग के दौरान पीड़ित युवक ने होटल की पक्की दीवारों की आड़ लेकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं।

पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया। सदर थानाधिकारी देवीचंद ढाका और जिला विशेष टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी जैसलमेर से शिव, बाटाडू, भीमड़ा, बायतु और बालोतरा होते हुए जोधपुर की ओर भागते रहे। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीमें लगातार उनका पीछा करती रहीं और आखिरकार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें: जयपुर निकाय चुनाव: मुस्लिम बहुल वार्ड में BJP का बड़ा दांव, जाकिर हुसैन को टिकट; कांग्रेस बोली- गद्दारी

हिस्ट्रीशीटर पर करीब 12 मामले दर्ज

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कमलेश उर्फ अंग्रेज पिछले सात-आठ वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ बायतु थाने में दर्ज मामले के अलावा लूट, मारपीट, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी, वाहन चोरी और छेड़छाड़ जैसे अपराधों के करीब 12 मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि कमलेश बायतु थाने के हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम लेघा के साथ मिलकर मादक पदार्थों की तस्करी करता है। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि यह गिरोह नशीले पदार्थों के कारोबार के लिए नए युवकों को अपने साथ जोड़ता था। इसी दौरान सिणधरी के टाकूबेरी निवासी सांवलाराम को भी गिरोह में शामिल किया गया था। आरोप है कि इसके बाद उससे मेवाड़ से डोडा-पोस्त मंगवाया जाने लगा। पुलिस के मुताबिक सांवलाराम के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों और फायरिंग के पीछे के पूरे विवाद की भी जांच कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X