शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बाड़मेर मेडिकल कॉलेज:नाम पूछने से लेकर अश्लील चैट तक… रैगिंग मामले में 80 सीनियर विद्यार्थियों पर कार्रवाई – Barmer Medical College Ragging Action 80 Senior Students Punished
बाड़मेर

बाड़मेर मेडिकल कॉलेज:नाम पूछने से लेकर अश्लील चैट तक… रैगिंग मामले में 80 सीनियर विद्यार्थियों पर कार्रवाई – Barmer Medical College Ragging Action 80 Senior Students Punished

November 1, 2026


बाड़मेर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग के मामले में 15 छात्राओं समेत 80 सीनियर विद्यार्थियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच समिति की सिफारिश पर कॉलेज प्रशासन ने सात विद्यार्थियों को हमेशा के लिए हॉस्टल से निकाल दिया है, जबकि अन्य के खिलाफ क्लास और सांस्कृतिक गतिविधियों से प्रतिबंध सहित कई सख्त कदम उठाए हैं।

मोबाइल चैट की जांच के बाद कार्रवाई

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल अनूप सिंह गुर्जर ने स्पष्ट किया कि जूनियर विद्यार्थियों के साथ किसी भी तरह की शारीरिक मारपीट का मामला सामने नहीं आया है। कॉलेज प्रशासन की बनाई समिति ने शिकायतों की हर बात की जांच की और जूनियर विद्यार्थियों से बातचीत की। प्रशासन ने जूनियर और सीनियर विद्यार्थियों के मोबाइल जब्त कर उनके व्हाट्सएप चैट तथा वीडियो सामग्री की गहन पड़ताल की। इस प्रक्रिया में तीन से चार घंटे का समय लगा। जांच में मोबाइल में आपत्तिजनक और अश्लील चैट मिली।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री

प्रिंसिपल ने बताया कि व्हाट्सएप चैट में सीनियर विद्यार्थी जूनियर विद्यार्थियों से उनका परिचय मांग रहे थे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री डाली गई थी और गालियां भी लिखी हुई थीं। जांच के दौरान चार ऐसे जूनियर विद्यार्थी सामने आए जिन्होंने मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाए थे और व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए थे, जिनमें लंबी बातचीत हुई थी। इन जूनियर विद्यार्थियों का कहना था कि सीनियर केवल नाम ही मांग रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने इन चारों जूनियर विद्यार्थियों के अभिभावकों को बुलाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की है।

दोषियों के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई

प्रिंसिपल के अनुसार कुल 15 छात्राओं समेत 80 सीनियर विद्यार्थियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें से सात विद्यार्थियों को हमेशा के लिए हॉस्टल से बाहर निकाल दिया गया है और सात को सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अलग किया गया है। कुछ विद्यार्थियों को दो महीने के लिए क्लास से अलग करने का फैसला लिया गया है।

सात विद्यार्थियों पर ये प्रतिबंध

इसके अलावा सात विद्यार्थियों को एक महीने के लिए क्लास से अलग करने, हमेशा के लिए हॉस्टल से बाहर रखने तथा एक साल तक सांस्कृतिक गतिविधियों से दूर रखने की कार्रवाई की गई है। बाकी विद्यार्थियों, जिन्होंने केवल नाम पूछे थे या जिनका नाम शिकायत में सामने आया था, उन्हें चेतावनी देकर एक साल के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने से प्रतिबंधित किया गया है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोबारा शिकायत मिलने पर उन्हें हमेशा के लिए हॉस्टल से निकाल दिया जाएगा।

बाल काटने के दावों को किया खारिज

प्रिंसिपल अनूप सिंह गुर्जर ने ‘व्हाइट हाउस’ में जूनियर विद्यार्थियों के बाल काटने की बात को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने बताया कि व्हाइट हाउस मेडिकल कॉलेज से दो से तीन किलोमीटर दूर है। वे खुद वहां जाकर स्थिति की जानकारी लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि हो सकता है कई साल पहले सीनियर विद्यार्थी जूनियरों को वहां ले जाते रहे हों, लेकिन इस साल ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ है। जूनियर विद्यार्थियों ने अपनी मर्जी से बार्बर की दुकान पर बाल कटवाए हैं और कॉलेज प्रशासन के पास इसका वीडियो भी उपलब्ध है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X