बिहार:छठ की खुशियां मातम में बदलीं, नहर में डूबने से तीन साल के मासूम की मौत; मां के साथ ननिहाल आया था – Bihar: Chhath Celebrations Turn To Mourning As A Three-year-old Child Drowns In A Canal
सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के बलीगांवा में छठ महापर्व के समापन के बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहर में डूबने से तीन वर्षीय मासूम अंश कुमार की मौत हो गई। वह अपनी मां के साथ छठ पूजा में शामिल होने ननिहाल आया था। हादसे के बाद ननिहाल और पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शौच के लिए गया था मासूम, नहर में फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, मकेर थाना क्षेत्र के गंज मसुरिया गांव निवासी परमेश्वर राय का तीन वर्षीय पुत्र अंश कुमार अपनी मां मुन्नी देवी के साथ बलीगांवा स्थित ननिहाल आया हुआ था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे छठ पूजा संपन्न होने के बाद वह शौच के लिए नहर की तरफ गया था। इसी दौरान गंडक नदी घाट के समीप सुइलिस गेट से गुजरने वाली नहर के पास उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में बच्चे को लेकर परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। छठ की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल, दोनों गांवों में मातम
अंश की मौत से मां मुन्नी देवी और पिता परमेश्वर राय का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, भाई अजित कुमार, बहन प्रियंका कुमारी, दादा सोना राय और दादी चानमुनी देवी भी गहरे सदमे में हैं। इस घटना से ननिहाल बलीगांवा और पैतृक गांव गंज मसुरिया में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर परसा थाना में पदस्थापित एसआई सिम्पल कुमारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
इस बीच समाजसेवी रंजीत कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राजेश राय और पूर्व मुखिया प्रतिनिधि राजकिशोर राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
