बिहार:जमुई में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर पलटी, बीटेक इंजीनियर की मौत; चार दोस्त घायल – Bihar News: Car Accident Btech Engineer Supreet Kumar Singh Death Four Injured In Jamui News
जमुई में सोमवार रात एक सड़क हादसे ने परिवार की सारी उम्मीदें तोड़ दीं। कार से दोस्तों के साथ चाय पीने जा रहे बीटेक इंजीनियर सुप्रीत कुमार सिंह की हादसे में जान चली गई। कार में सवार चार अन्य युवक घायल हो गए। सुप्रीत के पिता बीएसएफ में तैनात थे और देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। पिता के बाद वही परिवार का इकलौता सहारा था। अब परिजनों ने हादसे को लेकर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पेड़ से टकराकर पलटी कार
हादसा सोमवार रात करीब नौ बजे मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना आईटीआई कॉलेज के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, सुप्रीत अपने चार दोस्तों के साथ कार से कटौना की ओर एक लाइन होटल में चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। कार पहले सड़क किनारे बरगद के पेड़ से टकराई। इसके बाद एक यूकेलिप्टस के पेड़ से जोरदार टक्कर हुई और कार सड़क पर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी पांच युवक घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सुप्रीत को मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुप्रीत को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। मृतक की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के बसैया गांव निवासी स्वर्गीय उमेश प्रसाद सिंह के इकलौते पुत्र सुप्रीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह जमुई शहर के महिसौड़ी बाबूटोला में परिवार के साथ रहता था।
शहीद पिता के बाद परिवार की उम्मीद था सुप्रीत
सुप्रीत के पिता उमेश प्रसाद सिंह सीमा सुरक्षा बल में तैनात थे। वर्ष 2007 में सीमा पर ड्यूटी के दौरान वह शहीद हो गए थे। पिता की शहादत के बाद सुप्रीत परिवार का इकलौता सहारा और भविष्य की सबसे बड़ी उम्मीद बन गया था। उसने आईआईटी सिंदरी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। परिवार को उसके करियर और भविष्य से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
सुप्रीत की मौत के बाद परिजनों ने हादसे पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उसके शरीर पर चोट के अलावा दांत काटने जैसे निशान भी मिले हैं। इसी आधार पर उन्होंने आशंका जताई है कि यह महज सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करने की मांग की है। हालांकि, साजिश के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
देर रात पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की खबर फैलते ही महिसौड़ी, महाराजगंज और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। सुप्रीत की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। डीएम के आदेश के बाद देर रात शव का पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
