बिहार:दो-तीन साल में ही उखड़ गई अररिया-सिलीगुड़ी सड़क! घटिया निर्माण की जांच के लिए सांसद ने लिखा पत्र – Major Move By Kishanganj Mp: Demands Investigation Into Substandard Construction On Nh-327e
अररिया से सिलीगुड़ी तक जाने वाले महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-327ई के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने इस मामले में एनएचएआई के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सांसद की ओर से लिखे गए पत्र (पत्रांक- MJ/LS/26/147) में कहा गया है कि बिहार के अररिया से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक जाने वाला यह हाईवे बेहद खराब गुणवत्ता के साथ बनाया गया है। यह सड़क बिहार को पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों से जोड़ने वाली लाइफलाइन है, लेकिन निर्माण के महज दो से तीन साल के भीतर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने यह मुद्दा 27 जुलाई 2026 को संसद में नियम 377 के तहत भी उठाया था। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान ही घटिया सामग्री और खराब कारीगरी को लेकर कई शिकायतें आई थीं, लेकिन उस समय कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
सांसद ने कहा कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से जाम, सड़क हादसों, लोगों की मौत और घायल होने जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों की जांच नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें- झारखंड: शादी के बाद पढ़ाई और नौकरी करना पत्नी का हक, पति की अनुमति जरूरी नहीं; हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी
सांसद डॉ. जावेद ने सीवीओ से पूरे सड़क मार्ग की गुणवत्ता की गहन जांच कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने जांच रिपोर्ट की प्रति साझा करने का भी अनुरोध किया है।
सांसद ने कहा कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ और निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

किशनगंज सांसद ने NH-327E में घटिया निर्माण की जांच की मांग
