Patiala News:पंजाब में पराली जलाने के मामले तीन गुना बढ़े, लुधियाना की हवा सबसे खराब – In Punjab, Stubble Has Tripled, Pollution Levels Have Increased In Cities
एक दिन में पराली जलाने के 214 मामले, पिछले साल इसी दिन 72 थे
सीजन में अब तक 5785 घटनाएं, पिछले साल के मुकाबले 22 फीसदी अधिक
अमृतसर और बठिंडा का एक्यूआई भी खराब श्रेणी में पहुंचा
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को राज्य में एक ही दिन में पराली जलाने के 214 सक्रिय मामले सामने आए, जबकि पिछले साल इसी तारीख को 72 मामले दर्ज हुए थे। इस बीच खेतों में आग की घटनाओं के साथ शहरों की हवा भी प्रदूषित हो रही है। शुक्रवार को लुधियाना 273 एक्यूआई के साथ प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। अमृतसर में एक्यूआई 219 और बठिंडा में 206 दर्ज किया गया।
सैटेलाइट आंकड़ों के अनुसार, 15 सितंबर से 13 नवंबर तक पंजाब में पराली जलाने के कुल 5785 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले साल इसी अवधि में 4734 मामले सामने आए थे। इस तरह इस सीजन में घटनाएं 22 फीसदी बढ़ गई हैं। जिलावार आंकड़ों में फिरोजपुर 794 मामलों के साथ सबसे आगे है। तरनतारन में 695, संगरूर में 674 और बठिंडा में 513 मामले दर्ज किए गए हैं।
छह शहरों में वायु गुणवत्ता की स्थिति
शुक्रवार को लुधियाना के अलावा अमृतसर और बठिंडा का एक्यूआई भी खराब श्रेणी में रहा। मंडी गोबिंदगढ़ में 187, पटियाला में 144 और खन्ना में 140 एक्यूआई दर्ज किया गया। इन तीनों शहरों में हवा मध्यम श्रेणी में रही। पराली के धुएं के अलावा वाहन, उद्योग और अन्य स्रोत भी वायु प्रदूषण के लिए जिम्मेदार हैं।
94.60 लाख रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया
सीएक्यूएम की रिपोर्ट के अनुसार, पराली जलाने के 1884 मामलों में 94.60 लाख रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। इसमें से अब तक 38.25 लाख रुपये की वसूली हुई है। 1536 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई, जबकि 1769 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई। इसके अलावा अधिकारियों ने 1542 चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
