बिहार:पावर सबस्टेशन में भीषण आग, 50 किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें; दमकल की टीम मौके पर – Kishanganj Paschim Pali Power Substation Massive Fire Power House Bihar
बिहार के किशनगंज शहर के पश्चिमपाली स्थित ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वर्कशॉप से उठती लपटें करीब 50 फीट तक पहुंच गईं, जबकि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग के बीच लगातार हो रहे धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। अब तक 10 से अधिक धमाकों की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है। हादसे की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई, क्योंकि घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप स्थित है। घनी आबादी वाले पश्चिमपाली इलाके में आग की खबर फैलते ही अफरातफरी मच गई।
50 हजार से अधिक आबादी वाले इलाके में दहशत
पश्चिमपाली करीब 50 हजार से अधिक आबादी वाला घनी आबादी का क्षेत्र है। वर्कशॉप में आग लगने और लगातार धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुट गए। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से घबरा गए। पेट्रोल पंप की नजदीकी ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, रास्ता किया बंद
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की पहली गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची थी। शुरुआत में छोटी दमकल गाड़ी से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बड़ी गाड़ी भी बुलानी पड़ी। इसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचने लगे।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को हटाया। राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए, इसके लिए एहतियातन संबंधित मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
तारों में पक्षी की मौत से हुआ शॉर्ट सर्किट, सूखी घास से फैली आग
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल चौधरी ने बताया कि तारों में एक पक्षी की मौत होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ था। इसके बाद आग की चिंगारी नीचे सूखी घास पर गिर गई। सूखी घास में आग लगने के बाद लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं और धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया।
ट्रांसफार्मर और उपकरणों के नुकसान का आकलन नहीं
टीआरडब्ल्यू परिसर में ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम किया जाता है। आग की चपेट में कितने ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरण आए हैं, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। विद्युत विभाग की ओर से नुकसान का आकलन भी नहीं किया गया है। फिलहाल दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं और प्रशासन की टीम सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है।
